यूपी का राजभवन अब राजनीति का भवन : आजम खां
उत्तर प्रदेश के नगर विकास व संसदीय कार्य मंत्री आजम खां राज्यपाल राम नाईक को संवैधानिक नहीं बल्कि राजनीतिक व्यक्ति मानते हैं। रामपुर में कल आजम खां ने राज्यपाल राम नाईक के साथ ही राजभवन को कठघरे में खड़ा किया।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के नगर विकास व संसदीय कार्य मंत्री आजम खां राज्यपाल राम नाईक को संवैधानिक नहीं बल्कि राजनीतिक व्यक्ति मानते हैं। रामपुर में कल आजम खां ने राज्यपाल राम नाईक के साथ ही राजभवन को कठघरे में खड़ा किया।
समाजवादी पार्टी के फायर ब्रांड नेता आजम खां विपक्षियों को हमेशा निशाने पर रखते हैं। कल रामपुर में सपा की साइकिल रैली के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के साथ उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश का राजभवन पहले जैसी गरिमा वाला नहीं रह गया है। अब तो यह राजनीति भवन हो गया है। राज्यपाल राम नाईक भाजपा के प्रचार के काम में लगे हैं।
इसके बाद उनके निशाने पर केंद्र सरकार रही। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ठगों की सरकार है जो गंगा, योग और देश की सवा सौ करोड़ जनता के साथ धोखा कर रही है। केंद्र सरकार के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बनारस से लोकसभा सदस्य चुने गए हैं, लेकिन वहां के विकास के लिए अभी तक दस कौड़ी भी नहीं दीं। गंगा की सफाई की बात करते हैं, लेकिन हमने गंगा को साफ करने के लिए जो प्रस्ताव केंद्र को भेजा था, उसे पास नहीं किया। नदियों और सूरज को भी धर्म से जोड़ रहे हैं।