कहीं रिमझिम और कहीं झमाझम बारिश का पानी पाकर उफनाने लगीं नदियां
उत्तर प्रदेश में बीते पांच दिनों से कहीं रिमझिम और कहीं झमाझम बारिश का पानी पाकर नदियां उफनाने लगीं हैं।
लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश में बीते पांच दिनों से कहीं रिमझिम और कहीं झमाझम बारिश का पानी पाकर नदियां उफनाने लगीं हैं। बारिश से खेतीबाड़ी के काम में तेजी आने से किसान खुश लेकिन जलभराव के संकट से जूझ रहे शहरवासी परेशान हैं। हालांकि कुछ स्थानों पर नदियां बढ़ाव पर हैं। इसके चलते किसान परेशान हो उठे हैं। बंधा कटने, नदियां उफनाने और जलभराव आदि के चलते कच्चे-पक्के मकान गिरने लगे हैं।
यह भी पढ़ें: बारिश में एक ऐसा भी नजारा...सड़क पर तैरने लगीं मछलियां
खेती किसानी में दुश्वारी दूर
पूर्वांचल में बारिश की वजह से जहां किसानों को खेती किसानी में दुश्वारी दूर हो गई है। शहरों में जलभराव से दिक्कतें और बढ़ी हैं। बीते चौबीस घंटों में पूर्वांचल के सभी जिलों में 31 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है जबकि कई जिलों में बारिश अधिक होने से पारा और भी कम हो गया जिससे उमस से राहत के साथ ही लोगों को गर्मी से भी राहत मिली है। कई जगह बारिश के बीच क'चे मकान गिरने की सूचनाएं हैं मगर कहीं कोई हताहत नहीं हुआ। दूसरी ओर मौसम विज्ञानियों ने अगले दो दिनों तक इसी तरह का मौसम रहने की आशंका जताई है।
यह भी पढ़ें: घटतौलीः 29 पेट्रोल पंपों के खिलाफ रिपोर्ट, आठ पर जर्माना
पूर्वांचल में नदियों में उफान
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार बीते चौबीस घंटों में गंगा का जलस्तर 28 सेमी तक बढ़ गया। जबकि प्रति घंटे एक सेमी की गति से गंगा में बढ़ाव दर्ज किया जा रहा है। वहीं सरयू के जलस्तर में लगातार बढ़ोत्तरी से तटवर्ती इलाकों के लोग कटाव से दहशत में हैं। वहीं पहाड़ी इलाकों में शामिल चंदौली, मीरजापुर और सोनभद्र आदि जिलों की छोटी नदियों खजुरी और बिजुल आदि में उफान बरकरार रहने और लगातार बारिश होने से कई इलाके बाढ़ से घिर गए हैं।
यह भी पढ़ें: कानपुर आइआइटी ने 54 छात्रों को किया बर्खास्त
बारिश हो रही जानलेवा
कानपुर के आसपास बारिश कुछ लोगों के जानलेवा होती जा रही है। बारिश के कारण शुक्रवार तड़के किदवई नगर की सफेद कालोनी के पास कच्चा मकान ढह गया। जिसमें अंडे की दुकान लगाने वाले अनिल कुमार शर्मा उर्फ लालू (35), उनकी पत्नी राधा, बेटे अर्पित मलबे में दब गए। करीब डेढ़ घंटे मशक्कत के बाद मलबा हटाकर तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इटावा, औरैया, कन्नौज, उन्नाव में भी तड़के झमाझम बारिश होने से सुबह 10 बजे तक मौसम सुहाना रहा। दोपहर होते ही हवा थमने पर वातावरण में बेतहाशा उमस व्याप्त हो गई। कानपुर, फर्रुखाबाद, बांदा, हमीरपुर, उरई तथा महोबा में रिमझिम से मौसम सुहावना हो गया है। आसमान में बादल छाए रहने पर अधिकतम तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को कानपुर व उन्नाव का अधिकतम तापमान करीब 31 डिसे मापी गई है।
यह भी पढ़ें: रायबरेली नरसंहार में मारे गए पांचो शातिर अपराधीः स्वामी प्रसाद