रघुराज प्रताप ने कहा- सपा के पक्ष में करेंगे मतदान, अखिलेश ने ट्वीट कर कहा- धन्यवाद
राजा भैया को अखिलेश यादव के ट्वीट कर धन्यवाद देने के बाद से ही राजा भैया पर अटकलें खत्म हो गई है। अखिलेश यादव ने सपा को वोट करने के लिए ट्वीट कर राजा भैया का शुक्रिया अदा किया।
लखनऊ (जेएनएन)। प्रतापगढ़ के कुंडा से निर्दलीय विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने राज्यसभा चुनाव में आज मतदान के दौरान क्रॉस वोटिंग की अटकलों को खारिज कर दिया है। पूजा-पाठ के बाद उन्होंने भोजन के बाद वोट डालने का मन बनाया। उन्होंने साफ कहा है कि वह समाजवादी पार्टी के पक्ष में मतदान करेंगे। अभी भी समाजवादी पार्टी की ओर से ललई यादव, राकेश सिंह, आरके यादव को मतदान करना है। इनके साथ ही राजा भैया व बाबागंज से विधायक विनोद सरोज भी तिलक हाल में वोट डालेंगे।
राजा भैया को अखिलेश यादव के ट्वीट कर धन्यवाद देने के बाद से ही राजा भैया पर अटकलें खत्म हो गई है। अखिलेश यादव ने सपा को वोट करने के लिए ट्वीट कर राजा भैया का शुक्रिया अदा किया। इससे पहले राजा भैया ने मीडिया से कहा था कि वह अखिलेश यादव के साथ हैं। वह किसी भी सूरत में बसपा और भाजपा को वोट नहीं देंगे।
उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीट में से भाजपा के आठ तथा सपा के एक प्रत्याशी का जीतना तय है। अब एक सीट का चुनाव दिलचस्प होता जा रहा है। दसवीं सीट के लिए भाजपा के उम्मीदवार अनिल अग्रवाल और बसपा के भीमराव अंबेडकर के बीच कड़ी टक्कर देखी जा रही है। समाजवादी पार्टी के विधायक नितिन अग्रवाल व बसपा के अनिल सिंह ने भाजपा के पक्ष में क्रास वोटिंग की है। निषाद पार्टी के विजय मिश्रा ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया है।
निर्दलीय विधायक रघुराज प्रताप सिंह (राजा भैया) ने कहा है कि वह तो समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार को वोट कर रहे हैं। उनके समर्थन के बाद अखिलेश यादव ने ट्वीट कर धन्यवाद प्रगट किया है।
Thank you for supporting Samajwadi Party. pic.twitter.com/OZve4X1WV3— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) March 23, 2018
राजा भैया ने कहा कि मैं अखिलेश यादव जी के प्रत्याशी को वोट करूंगा। मुझे पता है अखिलेश की प्रत्याशी जया बच्चन जी हैं। जो भी कयास लग रहे हैं उसकी जिम्मेदारी मेरी नहीं है। पहले माना जा रहा था कि अगर राजा भैया वोटिंग नहीं करेंगे तो सपा-बसपा गठबंधन का खेल बिगड़ सकता है।
देखें तस्वीरें : लखनऊ में राज्यसभा चुनाव के मतदान की गहमागहमी
वहीं, राजा भैया के नाम से एक ट्वीट किया गया था। जिसमें लिखा है जिसमें मायावती के खिलाफ नाराजगी जाहिर की गई है। हालांकि ये राजा भैया का वैरीफाइड ट्वीट हैं या नहीं इसकी पुष्टि नहीं की जा सकती है।
न मैं बदला हूँ, न मेरी राजनैतिक विचारधारा बदली है, ‘मैं अखिलेश जी के साथ हूँ,’ का ये अर्थ बिल्कुल नहीं कि मैं बसपा के साथ हूँ।— Raja Bhaiya (@Raghuraj_Bhadri) March 23, 2018
गौरतलब है कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पास 19 विधायक हैं। पार्टी ने भीमराव अंबेडकर को मैदान में उतारा है। जीत के लिए 37 विधायकों का समर्थन चाहिए। उधर, सपा ने बसपा का समर्थन कर रही है। सपा के पास 47 विधायक हैं। जया बच्चन को अपर हाउस में भेजने के लिए उसे 37 विधायक की जरूरत है। इसके बाद पार्टी के पास 10 विधायक बचते हैं। नरेश अग्रवाल और उनके विधायक बेटे नितिन अग्रवाल बीजेपी में शामिल हो गए हैं। इससे एक वोट कम हो गया है।
बसपा को ऐसे हुआ नुकसान
बीएसपी के मुख्तार अंसारी और हरिओम यादव जेल में हैं। हाईकोर्ट ने उनके राज्यसभा चुनाव में वोट डालने पर बैन लगा दिया है। इसके साथ, विधायक अनिल सिंह ने भी बीजेपी के फेवर में वोटिंग की है।