यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 10, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Public Works Department: लखनऊ में पीडब्ल्यूडी प्रमुख अभियंता से क्यों भिड़ा AE? गोली मारने तक की दे डाली धमकी
लखनऊ के लोक निर्माण विभाग में प्रमुख अभियंता और सहायक अभियंता के बीच अभद्रता और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया ...और पढ़ें

HighLights
- लोक निर्माण विभाग में गाली गलौज और धक्का-मुक्की |
- सहायक अभियंता पर गोली मारने की धमकी का आरोप |
- विभागीय प्रमुख सचिव ने दिए जांच के आदेश |
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। लोक निर्माण विभाग के मुख्यालय में मंगलवार को प्रमुख अभियंता (परिकल्प एवं निजोयन) विजय कन्नौजिया और सिद्धार्थनगर में तैनात सहायक अभियंता (एई) चंदन पाठक के बीच अभद्रता, धक्का-मुक्की और गाली गलौज होने का मामला सामने आया है।
पाठक पर प्रमुख अभियंता को गोली मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए विभागीय प्रमुख सचिव अजय चौहान ने जांच के आदेश दिए हैं। विभागाध्यक्ष एके द्विवेदी ने जांच के लिए मुख्य अभियंता यूके सिंह व स्टाफ अफसर व्यवस्थापन प्रवीण कुमार की दो सदस्यीय कमेटी का गठन कर दो दिन में रिपोर्ट मांगी है। इस बीच पाठक ने एफआइआर दर्ज करने के लिए पुलिस में तहरीर दी है। उन्होंने आइजीआरएस पोर्टल पर शिकायत भी की है।
पाठक सोमवार को हाई कोर्ट की लखनऊ पीठ में दाखिल मुकदमों में विभागीय पैरवी से संबंधित पत्रावली तैयार कर प्रमुख अभियंता कार्यालय पहुंचे थे। सहायक अभियंता का कहना है कि मुख्यालय के संबंधित अधिकारी व लिपिक उन्हें इधर-उधर टहला रहे थे।
इसकी शिकायत करने पर प्रमुख अभियंता ने उनसे अभद्रता की जिससे विवाद बढ़ा। विभागीय अधिकारियों से इसकी लिखित शिकायत करते हुए पाठक ने कहा है कि प्रमुख अभियंता ने अपने कक्ष में उन्हें अपशब्द कहे और उनसे धक्का-मुक्की की गई।
अपने आत्मसम्मान में उन्होंने भी प्रमुख अभियंता को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया। जांच कमेटी गठित करने संबंधी पत्र में कहा गया है कि प्रमुख अभियंता ने पाठक से परिचय पूछा तो वे भड़क गए। सहायक अभियंता ने चिल्लाते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। प्रमुख अभियंता के कक्ष से बाहर निकाले जाने पर पाठक गोली मारने की बात कहते हुए तेजी से परिसर से भाग गए।
