Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कांग्रेस की नई लिस्ट में प्रियंका-राहुल का नाम नहीं, बैठक में बात तो हुई… पर बनी नहीं, इन दोनों सीटों को लेकर हुई थी चर्चा

    कांग्रेस ने गाजियाबाद सीतापुर बुलंदशहर व महाराजगंज में अपने प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए हैं। दिल्ली में बुधवार को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद उनके नाम घोषित कर दिए गए। हालांकि अमेठी व रायबरेली समेत चार सीटों पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हाे सका है। सीतापुर से नकुल दुबे गाजियाबाद से डाली शर्मा महाराजगंज से वीरेन्द्र चौधरी व बुलंदशहर से शिवराम वाल्मीकि चुनाव मैदान में होंगे।

    By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Thu, 28 Mar 2024 06:00 AM (IST)
    Hero Image
    कांग्रेस की नई लिस्ट में प्रियंका-राहुल का नाम नहीं।

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। कांग्रेस ने गाजियाबाद, सीतापुर, बुलंदशहर व महाराजगंज में अपने प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए हैं। दिल्ली में बुधवार को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद उनके नाम घोषित कर दिए गए। हालांकि अमेठी व रायबरेली समेत चार सीटों पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हाे सका है। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सीतापुर से नकुल दुबे, गाजियाबाद से डाली शर्मा, महाराजगंज से विधायक वीरेन्द्र चौधरी व बुलंदशहर से शिवराम वाल्मीकि चुनाव मैदान में होंगे। कांग्रेस ने इससे पूर्व 23 मार्च को नौ सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित किए थे। 

    सपा से गठबंधन के चलते कांग्रेस के हिस्से आई 17 सीटों में से अब तक 13 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं। कुल प्रत्याशियों में डाली शर्मा पहली महिला उम्मीदवार हैं। वह पिछले लोकसभा चुनाव में भी गाजियाबाद सीट से चुनाव मैदान में उतरी थीं और तीसरे स्थान पर रही थीं।

    कांग्रेस सीतापुर से पूर्व मंत्री नकुल दुबे पर दांव लगाया है। पिछले लोकसभा चुनाव में दुबे बसपा के टिकट पर सीतापुर से चुनाव मैदान में थे और दूसरे स्थान पर रहे थे। दुबे को भाजपा के राजेश वर्मा से एक लाख से अधिक मतों से हार का सामना करना पड़ा था। 

    इस सीट पर कांग्रेस तीसरे स्थान पर रही थी। महाराजगंज की फरेंदा सीट से विधायक वीरेन्द्र चौधरी पर पार्टी ने भराेसा जताया है और लोकसभा चुनाव में किस्तम आजमाने का अवसर दिया है। बुलंदशहर सीट से शिवराम वाल्मीकि मैदान में होंगे।

    इसके अलावा इलाहाबाद सीट से पूर्व राज्यसभा सदस्य रेवती रमण सिंह के पुत्र उज्जवल रमण सिंह का चुनाव मैदान में होने की पूरी उम्मीद है। शनिवार को कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने संजय गांधी पीजीआई में भर्ती रहे रेवती रमण सिंह से भेंट कर उनके स्वास्थ्य का हाल लिया था। इसके बाद ही उज्जवल रमण का कांग्रेस में आना तय माना जा रहा है। 

    प्रस्ताव पर नहीं हुआ अंतिम निर्णय

    बैठक में अमेठी से राहुल गांधी व रायबरेली से प्रियंका गांधी के चुनाव मैदान में उतरने का प्रस्ताव भी रखा गया पर कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ। मथुरा सीट पर भी अभी मंथन चल रहा है। इससे पूर्व कांग्रेस ने जिन नौ सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित किए गए थे, उनमें सहारनपुर, अमरोहा, फतेहपुर सीकरी, कानपुर, झांसी, बाराबंकी, देवरिया, बांसगांव व वाराणसी की सीट शामिल थीं।