Move to Jagran APP

प्रियंका गांधी को महासचिव बनाने का उत्साह पोस्टर-बैनर और बधाई संदेशों में उतरा

कांग्रेस गांधी परिवार से आगे नहीं सोचती, प्रियंका का आना नई बात नहीं, नामदार का समय चला गया जैसे भाजपा नेताओं के अनेक विचार सामने आ रहे हैं।

By Nawal MishraEdited By: Published: Thu, 24 Jan 2019 05:28 PM (IST)Updated: Thu, 24 Jan 2019 07:08 PM (IST)
प्रियंका गांधी को महासचिव बनाने का उत्साह पोस्टर-बैनर और बधाई संदेशों में उतरा
प्रियंका गांधी को महासचिव बनाने का उत्साह पोस्टर-बैनर और बधाई संदेशों में उतरा

लखनऊ, जेएनएन। प्रियंका गांधी को कांग्रेस महासचिव घोषित किए जाने से भाजपा लगातार कांग्रेस पर हमलावर है लेकिन कांग्रेसियों में आज भी उत्साह देखने को मिला। आज दिन भर प्रियंका गांधी के पोस्टर-बैनर लगाकर बधाई संदेश देने का सिलसिला चलता रहा। इससे हटकर भाजपा नेताओं के अलग-अलग बयान सामने आ रहे हैं। कांग्रेस गांधी परिवार से आगे नहीं सोचती,  प्रियंका का आना नई बात नहीं,  अब नामदार का समय चला गया जैसे अनेक विचार सामने आ रहे हैं। हालांकि भाजपा नेताओं का एक धड़ा बड़ी दमदारी से इस बात को भी रखता है कि कोई फर्क नहीं पड़ेगा, पहले भी दो बार प्रियंका गांधी को उतारने की घोषणा कर चुकी है।

loksabha election banner

इंदिरा की याद, प्रियंका को बधाई और एक दूसरे को मिठाई

यूपी में जिले-जिले कांग्रेसियों में उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और एक दूसरे का मुंह मीठा कराया। राहुल और प्रियंका गांधी के समर्थन में नारेबाजी की गई। फतेहपुर में एआइसीसी सदस्य विभाकर शास्त्री, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह लोधी, प्रदेश संगठन मंत्री महेश द्विवेदी की मौजूदगी में खुशी का इजहार किया गया। हाथों में प्रियंका के पोस्टर लेकर कांग्रेसी थिरके और मिठाई खिलाकर बधाई दी। प्रयागराज के आनंद भवन में कांग्रेसजनों ने एक-दूसरे को बधाई दी, मिठाइयां बांटीं और कहा कि यह मास्टर स्ट्रोक है। पूरे देश और विशेषकर युवाओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि उनकी नियुक्ति से देश की राजनीति पर काफी असर पड़ेगा। इसका 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में फायदा मिलेगा।मिठाई खिलाने का क्रम आज भी चला।

प्रियंका में इंदिरा की छवि देखती जनता : प्रमोद तिवारी

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने कहा है कि प्रियंका गांधी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया जाना स्वागत योग्य कदम है। प्रियंका गांधी में देश की जनता इंदिरा गांधी की छवि देखती है। आने वाले दिनों में इंदिरा युग की वापसी में मदद मिलेगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि नेताजी की जयंती पर लिया गया राहुल गांधी का निर्णय सराहनीय है। इससे इंदिरा युग की वापस होगी। पूर्व सांसद राजकुमारी रत्ना सिंह ने कहा कि प्रियंका के आने से कांग्रेस मजबूत होगी। 

भाजपा पर कोई फर्क नहीं पडऩे वाला 

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने जीवीएल नरसिम्हा राव ने कहा कि प्रयागराज चुनाव के पहले प्रियंका वाड्रा को मैदान में उतारना नई बात नहीं है। कांग्रेस पूर्व में भी चुनाव के पहले उन्हें दो बार उतारने की घोषणा कर चुकी है। इससे भाजपा पर कोई फर्क नहीं पडऩे वाला है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि प्रियंका को हर चुनाव के पहले बड़ी उम्मीद के साथ रखती है। लेकिन अब नामदार का समय चला गया है। जनता काम को याद रखती है। कहा कि यह पार्टी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी है, जिसमें सिर्फ गांधी परिवार के लोग हैं। 

गांधी परिवार से आगे नहीं सोचती कांग्रेस

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस में सिर्फ गांधी परिवार को आगे बढ़ाया जाता है। इससे आगे नहीं सोचा जाता है। प्रियंका गांधी को कांग्रेस का राष्ट्रीय महासचिव बनाने पर उन्होंने बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण पार्टी के चुनावी एजेंडे में है, लेकिन प्रधानमंत्री के निर्देश हैं कि कानून के दायरे में मंदिर बनेगा। निर्णय का इंतजार है। महागठबंधन का लक्ष्य केंद्र और राज्य में कमजोर सरकार बनाना है। हाईकमान ने इस बार 300 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य दिया है। इसलिए उप्र में 51 फीसदी वोट पाने का लक्ष्य रहेगा। पिछली बार भी पार्टी को 49 फीसदी वोट मिले थे। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.