प्रियंका ने अमेठी पर जमाईं नजरें, चुनाव मैनेजमेंट लिया हाथ में
29 दिनों में हो चुके पांच चुनावी दौरे संगठन पर दे रहीं पूरा ध्यान। बिना किसी कार्यक्रम के गांव पहुंच भांप रहीं मौके की नजाकत।
अमेठी (अभिषेक मालवीय)। कांग्रेस का गढ़ कही जाने वाली अमेठी में इस बार कांग्रेस की राह आसान नहीं दिख रही है। पार्टी नेताओं का पूरा ध्यान इन्हीं दोनों सीट पर अटक गया है। यही नहीं अभी हाल में ही राजनीति में कदम रखने वाली प्रियंका गांधी ने भी अपनी पूरी ताकत भाई के गढ़ को बचाने के लिए झोंक दी है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि प्रियंका ने पिछले 29 दिनों के भीतर अमेठी में पांच चुनावी दौरे कर चुकीं है।
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा ने शुरुआत में पूर्वी उत्तर प्रदेश में नजरें जमाईं थीं, लेकिन जैसे-जैसे पांचवें चरण के चुनाव की तिथि नजदीक आती जा रही है। उनका पूरा ध्यान अमेठी और रायबरेली की सीट पर आ गया है। 27 मार्च को प्रियंका ने कांग्रेस अध्यक्ष व भाई राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र में पहली बार पहुंचीं थीं। पहले दिन उन्होंने मुसाफिरखाना के एएच इंटर कालेज में 11 घंटे बूथ अध्यक्षों व एक-एक कार्यकर्ताओं से बैठक कर चुनावी रणनीति तैयार की थी। इसके बाद वह 10 अप्रैल को भाई के नामांकन में शामिल हुईं। फिर 19 अप्रैल को वह सुबह गौरीगंज स्थित केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय में विधान सभा प्रभारियों व कोआर्डिनेटर के साथ पांच घंटे तक समीक्षा की थी।
इसी के तीन दिन बाद 22 अप्रैल को मां सोनिया गांधी के साथ अमेठी पहुंच गईं। फुरसतगंज में नुक्कड़ सभा कर वह मां के क्षेत्र रायबरेली चली गईं। 23 अप्रैल को वह सुबह 11 बजे अमेठी संसदीय क्षेत्र की सलोन विधान सभा डीह, सीतापुर, मऊ आदि गांवों में पहुंच महिलाओं, ग्रामीणों, युवाओं व व्यापारियों से मिलीं। दोपहर तीन बजे वह गौरीगंज पार्टी कार्यालय पर पहुंच गईं और यहां पर चुनाव प्रबंधन देख रहे लोगों के साथ बंद कमरे में तैयारियों की समीक्षा की थी। बाहर जनप्रतिनिधियों से औपचारिक भेंट कर वह देरशाम मां के साथ दिल्ली लौट गईं। एक दिन बाद 24 अप्रैल की शाम फिर अमेठी पहुंचीं थीं और कई गांवों का दौरा कर महिलाओं व ग्रामीणों से मिली थीं। अचानक पहुंच सभी को चौंका दिया। इससे यहीं अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रियंका का पूरा ध्यान भाई के गढ़ को बचाने पर केंद्रीत है।
30 को आ सकती हैं प्रियंका
आगामी 30 अप्रैल को प्रियंका वाड्रा के अमेठी दौरे का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस दौरान वह गौरीगंज में रोड शो कर सकती हैं। इसके साथ कार्यालय पर जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक व कई गांव का भ्रमण प्रस्तावित है