शिवपाल के बेटे आदित्य को शादी में शामिल होंगे राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री !
लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव के पुत्र आदित्य यादव उर्फ अंकुर की शादी की तैयारियां सैफई में शुरू हो गई हैं। आदित्य का विवाह 10 मार्च को होगा। विवाह के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की तरफ से कार्ड बांटे जा रहे हैं। हालांकि अभी तक
लखनऊ। लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव के पुत्र आदित्य यादव उर्फ अंकुर की शादी की तैयारियां सैफई में शुरू हो गई हैं। आदित्य का विवाह 10 मार्च को होगा। विवाह के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की तरफ से कार्ड बांटे जा रहे हैं। हालांकि अभी तक शादी में आने वाले वीवीआइपी मेहमानों के बारे में सूचना नहीं मिली है। माना जा रहा है कि कई बड़ी हस्तियां इस शादी में शिरकत करेंगी। जिसमें प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति के अलावा लालू यादव, अरविन्द केजरीवाल समेत कई लोग शामिल हैं।
शादी की तैयारियों को लेकर सैफई में चार ब्लाकों में टेंट लगाये जाने लगे हैं। ब्लाक परिसर में शादी के लिए मिठाइयां बननी शुरू हो गई हैं। इसके लिए आगरा व फीरोजाबाद के कैटरर्स ने आकर डेरा डाल लिया है। शादी समारोह में प्रदेश भर से करीब एक लाख लोगों के आने की संभावना है। इंतजामों को देख रहे पूर्व राज्यमंत्री गुड्डू श्रीवास्तव ने बताया कि तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
आदित्य का विवाह आजमगढ़ के निवासी संजय सिंह की पुत्री राजलक्ष्मी से हो रहा है। शादी समारोह के कार्यक्रम सैफई के ब्लाक परिसर में ही प्रात: नौ बजे से शुरू होंगे।
आदित्य-राजलक्ष्मी की शादी कराएंगे काशी के पुरोहित
शिवपाल के बेटे आदित्य व संजय सिंह की बेटी राजलक्ष्मी की शादी काशी के पुरोहित कराएंगे। यहां से कुल पांच पुरोहितों के मुखारबिंदु से मंत्रों की गूंज के बीच 10 मार्च को सात फेरे लगेंगे। इतना ही नहीं, वधू पक्ष से नाई-नाऊन उनके गांव आजमगढ़ के सलेमपुर के ही होंगे। सैफई में होने वाली शाही शादी पूरे हिंदू रीति रिवाज से होगी। स्वर्ण पदक प्राप्त पंडित जगदंबिका प्रसाद गिरी (संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय) मुख्य पुरोहित होंगे। वाराणसी के तीन अन्य विद्वान डा. बिपिन चंद्र पांडेय, सुभाष तिवारी और पंडित राकेश भी उनके साथ होंगे। मां विंध्यवासिनी दरबार के भी एक ब्राह्मण आचार्य आरडी मिश्रा का नाम पुरोहितों में शामिल है। पंडित जगदंबिका प्रसाद ने बताया कि उन्हें शादी का आमंत्रण मिल चुका है।
चमक रहा सलेमपुर
यूं तो शादी समारोह सैफई और रिसेप्शन लखनऊ में होगा लेकिन राजलक्ष्मी के पैतृक गांव सलेमपुर का भी नजारा बदला हुआ है। तैयारियां इस कदर हो रही हैं जैसे दूल्हे को यहीं आना हो।