विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

औद्योगिक विकास विभाग ने शुरू की GBC-5 के आयोजन की तैयारी, अक्टूबर के दूसरे हफ्ते में होने की संभावना

Published: Thu, 24 Sep 2026 03:37 PM (IST)

GBC-5 UP: इस बार जीबीसी-5 के जरिए करीब दस लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतारने को लेकर भूमि पूजन किया जाए।

राज्य सरकार ने जीबीसी-5 के लिए पहले पांच लाख करोड़ रुपये का लक्ष्य निर्धारित किया

राज्य सरकार ने जीबीसी-5 के लिए पहले पांच लाख करोड़ रुपये का लक्ष्य निर्धारित किया

HighLights

  1. औद्योगिक विकास आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों से मांगी निर्धारित लक्ष्य की जानकारी

  2. जीबीसी-5 से दस लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश लाने का लक्ष्य

राज्य ब्यूरो, लखनऊ: औद्योगिक विकास विभाग ने राज्य में निवेश को लेकर ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी)-5 के आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी है। इस संदर्भ में औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार ने सभी जिलों को दिए निवेश के लक्ष्य को लेकर कितना निवेश आएगा इसकी जानकारी मांगी है। उम्मीद है कि दो सप्ताह में होने वाले जापानी निवेशकों के दौरे के बाद जीबीसी-5 की तिथि घोषित कर दी जाएगी।

राज्य सरकार ने जीबीसी-5 के लिए पहले पांच लाख करोड़ रुपये का लक्ष्य निर्धारित किया था। इस लक्ष्य के सापेक्ष सभी विभागों व जिलों को लक्ष्य वितरित किया जा चुका है। सबसे अधिक करीब एक-एक लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य आइटी एवं इलेक्ट्रानिक्स और उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा) को सौंपा गया है।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) को 70 हजार करोड़ रुपये, आवास व औद्योगिक विकास विभाग को 50-50 हजार करोड़ रुपये, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग को 40 हजार करोड़ रुपये व खाद्य एवं प्रसंस्करण विभाग को 25 हजार करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य दिया गया है। इसके अलावा छोटे जिलों को भी सरकार के निर्देश पर निवेश के लक्ष्य दिए गए हैं। इनमें बुंदेलखंड व पूर्वांचल के कई जिले शामिल हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बीती 23 से 26 फरवरी तक हुई सिंगापुर व जापान की यात्रा के बाद प्रदेश सरकार ने जीबीसी-5 के लक्ष्य को पांच लाख करोड़ रुपे से बढ़ाकर 7.5 लाख करोड़ रुपये कर दिया है। वहीं, औद्योगिक विकास विभाग की कोशिश है कि इस बार जीबीसी-5 के जरिए करीब दस लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतारने को लेकर भूमि पूजन किया जाए।इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। औद्योगिक विकास विभाग की कोशिश है कि सभी जिलों को दिए गए निवेश के लक्ष्य की समीक्षा जीबीसी-5 के आयोजन से पहले ही कर ली जाए, जिससे निवेश का सही आंकलन किया जा सकेगा।

वर्ष          जीबीसी          निवेश

2019 जीबीसी-01          61,792 करोड़ रुपये
2022 जीबीसी-02          67,202 करोड़ रुपये
2024 जीबीसी-03          80,224 करोड़ रुपये
2025 जीबीसी-04          10.05 लाख करोड़ रुपये