UP में अभी सुहावना रहेगा मौसम, चार-पांच दिनों में बारिश की संभावना
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलगे चार पांच दिनों में शुरू होगी मौसम की उठापटक बारिश की संभावना।
लखनऊ, जेएनएन। मई का पहला सप्ताह गुजर चुका है। आमतौर पर इन दिनों लू चलना शुरू हो जाती थी। गर्म हवाओं के चलते लोगों का दिन में निकलना मुश्किल हो जाता था, लेकिन इस बार मौसम उतना गर्म नहीं है। लू तो दूर अधिकतम तापमान सामान्य के मुकाबले 5- 6 डिग्री कम चल रहा है।
इस बार मौसम गजब सुहावना बना हुआ है। सुबह-सुबह ठंडी हवा लोगों का मन खुश कर रही है। प्रदेश में ज्यादातर स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य के मुकाबले कम चल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह भी मौसम ऐसा ही बने रहने की उम्मीद है। दरअसल एक नया पश्चिमी विक्षोभ विकसित हो रहा है जिसके चलते शनिवार से प्रदेश में मौसम की उठापटक नए सिरे से शुरू होगी । अलग-अलग स्थानों पर बारिश की संभावना है। इससे मौसम मई के दूसरे सप्ताह में भी सुहावना बना रहने की उम्मीद है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता बताते हैं कि 9 तारीख को पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर प्रदेश में फिर मौसमी हलचल शुरू होगी। इसके बाद प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर अगले पांच-छह दिन बादलों की आवाजाही व बारिश का मौसम बना रहेगा। साफ है कि मई के दूसरे सप्ताह में भी गर्म हवाओं से निजात रहेगी।
गुरुवार को राजधानी में मौसम सुबह से ही साफ था अधिकतम तापमान सामान्य से 6.1 डिग्री कम 33.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 20. 3 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य के मुकाबले 3.8 डिग्री कम था। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।