विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीतापुर की पूनम देवी ने सीएम योगी आदित्यनाथ से मांगीं निराश्रित गायें, गोसेवा से आत्मनिर्भर बनने की चाह

Published: Mon, 24 Aug 2026 12:35 PM (IST)

CM Yogi Adityanat Janta Darshan: मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में आए प्रदेश के विभिन्न जिलों के लोगों की समस्याएं भी ...और पढ़ें

जनता दर्शन के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

जनता दर्शन के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

HighLights

  1. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से जनता दर्शन कार्यक्रम में मिली महिला

  2. सीतापुर की पूनम देवी ने जनता दर्शन में मुख्यमंत्री से मांगीं निराश्रित गायें

  3. मुख्यमंत्री ने पशुधन विभाग को योजना का लाभ दिलाने दिया निर्देश

  4. दिव्यांग की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत पर जांच के निर्देश

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की लगातार शासकीय कार्यों में व्यस्तता और दौरों के बाद भी उनके सोमवार को लखनऊ प्रवास के दौरान जनता दर्शन के कार्यक्रम में ब्रेक नहीं लगती है। सोमवार को अपने सरकारी आवास पर सीएम योगी आदित्यनाथ लोगों से मिले और अधिकारियों को उनकी समस्याओं के निस्तारण का निर्देश दिया।

आत्मनिर्भर बनने के लिए गोपालन का सहारा तलाश रही सीतापुर की पूनम देवी की फरियाद सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन में पहुंची तो उन्होंने तत्काल मदद का भरोसा दिया। पूनम ने बताया कि उनके पास पहले से पांच गाय हैं और अन्य गोवंश रखने के लिए पर्याप्त जगह भी हैं।

इस पर मुख्यमंत्री ने अपर मुख्य सचिव, पशुधन को निर्देश दिया कि उन्हें नियमानुसार निराश्रित गाय उपलब्ध कराने के साथ मुख्यमंत्री सहभागिता योजना का लाभ भी दिलाया जाए, ताकि वह गोसेवा के साथ दूध की बिक्री से परिवार की आय बढ़ा सकें।

सीतापुर के गुरुदेव नगर, हरगांव निवासी पूनम देवी ने मुख्यमंत्री को दिए प्रार्थना पत्र में गोपालन के जरिए आत्मनिर्भर बनने की इच्छा जताई। मुख्यमंत्री ने उनका हौसला बढ़ाते हुए कहा कि सरकार की ओर से उन्हें नियमानुसार योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। उन्होंने पूनम से कहा कि मन से गोसेवा करें, सारी बाधाएं और कष्ट दूर होंगे।

श्रावण मास में इच्छा पूरी होने की उम्मीद पर जताया आभार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोसेवा के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि गोमाता में 33 कोटि देवताओं का वास माना गया है। श्रावण मास में अपनी इच्छा पूरी होने की उम्मीद जगी तो पूनम ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत

जनता दर्शन में पहुंचे एक दिव्यांग ने मुख्यमंत्री से अपनी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कराकर पीड़ित को यथासंभव मदद और समस्या का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में आए प्रदेश के विभिन्न जिलों के लोगों की समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण करने को कहा है।