लखनऊ : हजरतगंज के रेस्टोरेंट में अवैध रूप से परोस रहे थे हुक्का, तीन संचालक पकड़े गए ; 20 लोगों को नोटिस
लखनऊ नए साल के दूसरे दिन भी राजधानी पुलिस एक्शन मोड पर हजरतगंज के द फॉरेस्ट कैफे में पुलिस ने की छापेमारी 14 हुक्का बरामद। 20 लोगों को नोटिस देकर छोड़ा निरस्त होगा रेस्टोरेंट का लाइसेंस ।
लखनऊ, जेएनएन। हाईकोर्ट के प्रतिबंध के बावजूद राजधानी लखनऊ में हुक्का बार संचालित हो रहे हैं। शनिवार को हजरतगंज पुलिस ने द फॉरेस्ट कैफ़े में छापेमारी कर 23 लोगों को पकड़ा। कैफे से कुल 14 हुक्का बरामद किए गए हैं। पुलिस ने हुक्का पीने आए 20 लोगों को नोटिस देकर छोड़ दिया। वहीं रेस्टोरेंट के तीन मालिकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
ये है पूरा मामला
इंस्पेक्टर हजरतगंज श्यामबाबू शुक्ला ने बताया की रेस्टोरेंट के लाइसेंस पर चोरी छिपे हुक्का परोसने की सूचना मिली थी। इस दौरान एसीपी हजरतगंज राघवेंद्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में उन्होंने पुलिस बल के साथ वहां छापेमारी की। भीतर हर तरफ लोग हुक्का पी रहे थे। कैफे संचालक सूर्य प्रकाश शुक्ला, कासिफ और सिदक को हिरासत में लेकर कोतवाली लाया गया है। सभी के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है।
कैफे का एक अन्य मालिक रेहान वहां मौजूद नहीं था। आरोपित रेस्टोरेंट के लाइसेंस पर रोक के बावजूद हुक्का बेच रहे थे। रेस्टोरेंट के लाइसेंस को निरस्त करने के लिए संबंधित विभाग को पत्र लिखा जा रहा है। गौरतलब है कि पूर्व में भी राजधानी पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर हुक्का परोसने वालों के खिलाफ कार्यवाही की थी।