विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 07, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

यूपी में 48 घंटे में ताबड़तोड़ 20 एनकाउंटर, CM योगी का न‍िर्देश म‍िलते ही अपराधि‍यों पर कहर बनकर टूटी पुल‍िस

Published: Tue, 07 Oct 2025 05:52 PM (GMT+05:30)Updated: Tue, 07 Oct 2025 10:13 PM (GMT+05:30)

बरेली की घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने पूरे राज्य में अपराधियों को मिट्टी में मिलाना शुरू कर ...और पढ़ें

बरेली में उपद्रव के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के द‍िए थे निर्देश।
बरेली में उपद्रव के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के द‍िए थे निर्देश।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। बरेली की घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने पूरे राज्य में अपराधियों को मिट्टी में मिलाना शुरू कर दिया है। राज्य में अपराधियों के खात्मे के लिए शुरू किए गए आपरेशन ''लंगड़ा'' व ''खल्लास'' के तहत पिछले 48 घंटों में राज्य के विभिन्न जिलों में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई 20 मुठभेड़ (एनकाउंटर) में कई अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने भागने की कोशिश की उन्हें पैर पर गोली मारकर लंगड़ा कर दिया गया।

बरेली में पिछली 26 सितंबर को हुए विवाद के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस को पूरे राज्य में अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अपराधियों के विरुद्ध राज्य सरकार जीरो टालरेंस नीति पर चल रही है।

इसके तहत वर्ष 2017 से लेकर पांच अक्टूबर तक 252 अपराधियों को मुठभेड़ में मार गिराया गया है, जबकि 10,254 अपराधी पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए हैं। वहीं 1749 पुलिसकर्मी भी मुठभेड़ में घायल हुए हैं, जबकि 18 पुलिसकर्मियों ने बलिदान देकर अपराधियों की कमर तोड़ने में कोई कसर नहीं रखी है। अब पुलिस ने अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने के लिए राज्य भर में ''ऑपरेशन लंगड़ा'' और ''ऑपरेशन खल्लास'' शुरू किया है। इसके तहत मेरठ से लेकर मुजफ्फर नगर तक पुलिस की टीमें अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर रही हैं।

पुलिस सूत्रों की मानें तो ऑपरेशन लंगड़ा के तहत मुठभेड़ में भागने वाले छोटे अपराधियों को पैर पर गोली मारकर उन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है, जबकि पुलिस पर गोली चलाने वाले बड़े अपराधियों को मौके पर मारा जा रहा है। इसी सिलसिले में 48 घंटों में पुलिस ने राज्य भर में 20 से ज्यादा मुठभेड़ में कई अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस की यह कार्रवाई मेरठ से मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद से मथुरा, फर्रुखाबाद से फिरोजाबाद, उन्नाव से हरदोई, बागपत से बलिया, लखनऊ से गाजियाबाद व शामली तथा झांसी से बुलंदशहर के बीच हुई है। फिरोजाबाद में दो करोड़ की लूट का माल बरामद करने के लिए आरोपित को साथ लेकर जा रही पुलिस को चकमा देकर भागने वाले नरेश को गिरफ्तार करने के लिए एएसपी अनुज चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने मार गिराया। हालांकि एएसपी को भी गोली लगी, लेकिन वह बाल-बाल बच गए।

वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक लाख के इनामी बदमाश महताब उर्फ गलकटा को पुलिस ने पिछले शुक्रवार को हुई मुठभेड़ में ढेर किया है। इसी प्रकार सहारनपुर के एक लाख के इनामी बदमाश इमरान को पुलिस ने मुजफ्फरनगर में शनिवार को एनकाउंटर में ढेर किया। इमरान शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, सहारनपुर में लूट और डकैती की कई वारदातों में वांछित था। 

यह भी पढ़ें- योगी सरकार की यूपी पुलिस ने साढ़े आठ लाख वाहनों को किया चेक, 9 हजार से अधिक वाहनों से हटाई काली फिल्म