विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में पीएम टेक्सटाइल पार्क को जोड़ने का काम अटका, छह माह बाद भी नहीं बनी सड़क

Published: Sun, 13 Sep 2026 06:19 PM (IST)

लोक निर्माण विभाग द्वारा पीएम टेक्सटाइल पार्क को जोड़ने वाली सड़क का निर्माण छह माह बाद भी पूरा नहीं हो ...और पढ़ें

पीएम टेक्सटाइल जो जोड़ने वाला सेतु कई माह पहले बनकर तैयार हो गया था, वर्तमान में इसे दोनों तरफ सड़कों से जोड़ना शेष है। सेतु निगम

पीएम टेक्सटाइल जो जोड़ने वाला सेतु कई माह पहले बनकर तैयार हो गया था, वर्तमान में इसे दोनों तरफ सड़कों से जोड़ना शेष है। सेतु निगम

HighLights

  1. सेतु छह माह पहले बना, सड़क का काम अब भी अधूरा।

  2. अगस्त में शुरू हुआ कार्य, दिसंबर तक पूरा होना था।

  3. 409 करोड़ की परियोजना, 14 किमी सड़क का निर्माण।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। केंद्र व राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं में शामिल पीएम टेक्सटाइल पार्क की सड़क अभी तक नहीं बन पाई है। यह स्थिति तब है जब उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम ने सई नदी के ऊपर छह महीने पहले ही सेतु बना दिया था।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने अंडरपास का चौड़ीकरण का काम जुलाई 2026 में पूरा कर दिया। इसके बाद लोक निर्माण विभाग की ओर से अगस्त के आखिरी सप्ताह में सड़क बनाने के लिए मिट्टी डालने का काम अब शुरू किया गया।

तय समय-सीमा के तहत सड़क बनाने का कार्य इस साल दिसंबर तक पूरा करना है, जो मुश्किल है। ऐसे में गुणवत्ता के साथ खिलवाड़ न हो, यह भी एक सवाल है।

लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय निर्माण खंड-दो आईआईएम रोड से पीएम टेक्सटाइल तक करीब 14 किलोमीटर सड़क बनाएगा, जिसमें छह किमी. की सड़क का चौड़ीकरण हो चुका है। बाकी आठ किमी. की सड़क का काम अगस्त के आखिरी सप्ताह में शुरू किया गया।

इस प्रोजेक्ट पर करीब 409 करोड़ रुपये का बजट है। इसमें मुआवजे की धनराशि भी जुड़ी है। यह मार्ग आउटर रिंग रोड से पीएम मेगा एकीकृत वस्त्र क्षेत्र और परिधान पार्क योजना के तहत प्रस्तावित टेक्सटाइल पार्क को जोड़ने का काम करेगा।

इससे राष्ट्रीय राजमार्ग और लखनऊ शहर सीधा जुड़ जाएगा। लगभग तीन लाख से अधिक आबादी को इसका लाभ मिलेगा। सवाल है कि जुलाई से सितंबर के बीच सड़क निर्माण पर रोक है तो फिर मिट्टी डालने का काम इस दौरान क्यों किया जा रहा है?

इन गांव को मिलेगी राहत

रैथा टेक्सटाइल पार्क को कनेक्ट करने के लिए पुल और सड़क दोनों बन जाने से ग्राम कोलवा बनौरा, कोलवा, खाखरा, रनियामऊ, चंवतारा, रैथा, कथवारा, पटौनार आदमपुर गांव की बड़ी आबादी को राहत मिलेगी।

1150 किसानों की जमीन गई

चार लेन की 14.2 किमी. लंबी सड़क बनाने में 1150 किसानों की पचास हेक्टेअर जमीन गई है। जमीन भले कम है, लेकिन जमीन के छोटे-छोटे टुकड़ों में साझेदार की संख्या ज्यादा है। इन किसानों को करीब 110 करोड़ रुपये मुआवजे देने का काम चल रहा है। लोक निर्माण विभाग के मुताबिक धारा 11 की प्रकिया पूरी कर मौके पर काम भी शुरू कर दिया गया है।

पुल से नौ किमी दूरी पर है पीएम टेक्सटाइल पार्क

रैथा सेतु से पीएम टेक्सटाइल पार्क मात्र नौ किमी की दूरी पर है। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम इस प्रोजेक्ट पर करीब 44.11 करोड़ खर्च करके इसे बनाया है। सेतु निगम के अभियंता बताते हैं कि पीएम टेक्स्टाइल पार्क बनने की घोषणा होने के चंद सप्ताह में ही इस सेतु का खाका तैयार कर लिया गया था। यह सेतु रैथा गांव से उठा है और कोलवा गांव में उतरा है।