एयरपोर्ट पर रात कटी- उड़ान भरी सुबह चार बजे, इंडिगो की फ्लाइट ने 10 घंटे झिकाया Lucknow News
एसी काम न करने के कारण एयरपोर्ट पर 10 घंटे बैठे रहे 180 यात्री। पूछने पर यात्रियों के संग एयरलाइन के कर्मचारियों ने की अभद्रता।
लखनऊ, जेएनएन। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के घरेलू टर्मिनल पर चेन्नई जाने वाले 180 यात्रियों को 10 घंटे कष्ट के बीच बिताने पड़े। एसी की गड़बड़ी के कारण यात्री रातभर एयरपोर्ट पर ही रतजगा करते रहे। गड़बड़ी ठीक हुई तो सोमवार सुबह चार बजे विमान चेन्नई के लिए उड़ान भर सका और सुबह 6:30 बजे चेन्नई एयरपोर्ट पर लैंडिंग की।
इंडिगो का विमान 6ई-518 शाम 7:25 बजे लखनऊ एयरपोर्ट से चेन्नई के लिए रवाना होता है। इस विमान के 180 यात्री रविवार शाम छह बजे एयरपोर्ट पहुंच गए। बोर्डिंग करने के बाद एयरलाइन के कर्मचारियों ने यात्रियों को बताया कि विमान रात आठ बजे उड़ान भरेगा। इसके बाद बताया गया कि रात 8:40 बजे विमान रवाना होगा। यात्रियों ने सही सूचना न दिए जाने पर नाराजगी जतायी तो उनको रात नौ बजे विमान में बैठा दिया गया। विमान में एसी के काम न करने की वजह से यात्रियों का दम घुटने लगा। तब यात्रियों को बताया गया कि विमान का एसी काम नहीं कर रहा है। इसके बाद यात्री विमान का गेट खोलकर बाहर आ गए।
व्हील चेयर पर बैठे एक बुजुर्ग यात्री, बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे रनवे पर बैठ गए। रात 9:15 से 10:50 बजे तक यात्री रनवे पर बैठे रहे। इस बीच छोटे बच्चे भूख से बिलखते रहे। नाराज यात्रियों ने कॉकपिट में बैठे पायलटों से बात करने की कोशिश की, लेकिन क्रू स्टाफ ने उनको मिलने नहीं दिया। हालात अनियंत्रित होते देख सीआइएसएफ को बुलाया गया। रात 10:50 बजे बस से यात्रियों को टर्मिनल वापस लाया गया। रातभर के इंतजार के बाद सुबह चार बजे एसी की गड़बड़ी ठीक हुई, तब विमान चेन्नई रवाना हो सका।
भाई के ऑपरेशन के लिए भटकता रहा यात्री
विमान से चेन्नई जा रहे यात्री प्रभात पांडे का चेन्नई के एक निजी अस्पताल में सुबह ऑपरेशन होना था। चेन्नई सुबह पहुंचने के बाद उनको ऑपरेशन के लिए भटकना पड़ा।
जब पहली बार दर्ज हुई एफआइआर
27 अप्रैल 2013 को दिल्ली से लखनऊ आ रहा जेट एयरवेज का विमान 9डब्ल्यू-303 का एसी प्लांट बैठ गया था, जिसमें दो माह का बच्चा बेहोश हो गया था और एक यात्री को स्ट्रेचर से उतारा गया। सरोजनीनगर थाने में यात्री सोनम किन्नर ने जेट एयरवेज के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई।
यहां भी निकला यात्रियों का पसीना
- 18 जुलाई 2018 को दिल्ली से लखनऊ आ रहे एयर इंडिया के विमान एआइ-991 का एसी फेल हो गया।
- तीन मई 2019 को लखनऊ से दुबई जा रहे फ्लाई दुबई के विमान एफजेड-5434 का एसी सिस्टम फेल हो गया। यह विमान पांच घंटे तक खड़ा रहा।
- पिछले दिनों लखनऊ से कोलकाता जा रहे विमान का एसी फेल हो गया।