इंसुलेटर फाल्ट से मेट्रो संचालन आंशिक रूप से प्रभावित, यात्री परेशान Lucknow News
आलमबाग से मुंशी पुलिया के बीच सिंगल ट्रैक पर मेट्रो का संचालन होता रहा। कई यात्रियों को मेट्रो बीच रास्ते में छोड़नी पड़ी। कैब व यातायात साधनों से अपने गंतव्य पर पहुंचे।
लखनऊ, जेएनएन। लखनऊ ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मेट्रो स्टेशन पर इंसुलेटर फाल्ट के चलते मेट्रो संचालन आंशिक रूप से प्रभावित रहा है। बताया जा रहा है कि सुबह 11:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक आलमबाग से मुंशी पुलिया के बीच सिंगल ट्रैक पर मेट्रो का संचालन होता रहा। करीब 2 घंटे तक यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, आलमबाग से चौधरी चरण मेट्रो स्टेशन जाने वाले यात्रियों को आलमबाग मेट्रो स्टेशन पर उतर कर पहले प्लेटफॉर्म पर जाना पड़ा। उसके बाद फिर मेट्रो पकड़कर एयरपोर्ट तक सफर करना पड़ा।
उधर, मेट्रो के अधिकारी ने बताया कि दोपहर 1:30 बजे के आसपास दोनों ट्रैकों पर मेट्रो का संचालन समान हो सका। वहीं, दावा किया गया कि करीब 13 मिनट तक मेट्रो संचालन पूरी तरह से बाधित रहा। इस दौरान एयरपोर्ट और चारबाग स्टेशन जाने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी। कई यात्रियों को मेट्रो बीच रास्ते में छोड़नी पड़ी। कैब व यातायात साधनों से अपने गंतव्य पर पहुंचे।
बता दें, लखनऊ मेट्रो का संचालन बुधवार को भी 27 मिनट के लिए प्रभावित हुआ था, जबकि 22 और 28 सितंबर 2019 को भी मेट्रो ने यात्रियों को धोखा दिया था। उधर, उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की जनसंपर्क अधिकारी पुष्पा बेलानी ने बताया कि सिर्फ 13 मिनट तक मेट्रों का संचालन प्रभावित हुआ है। लेकिन इस दौरान एक अन्य ट्रैक से मेट्रो का संचालन चलता रहा।