बीजेपी की वर्चुअल रैलियों में हर बूथ से 20 लोगों की भागीदारी, जिला व बूथ अध्यक्षों को सौंपी जिम्मेदारी
यूपी भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि लगातार वर्चुअल सभाएं बैठकें सम्मेलन व जनसंवाद के आयोजन से आम कार्यकर्ता भी डिजिटल माध्यमों के प्रयोग में दक्ष हो गए हैं।
लखनऊ, जेएनएन। भाजपा की 21 जून से आरंभ होने वाली वर्चुअल रैलियों को सफल बनाने के लिए प्रत्येक बूथ पर कम से कम 20 लोगों को जुटाने का लक्ष्य दिया गया है। फेसबुक, यू-ट्यूब व ट्विटर सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से सीधे प्रसारित होने वाली रैलियों के लिए नेटवर्किंग कार्य तेजी से जारी है। पहली रैली 21 को पश्चिमांचल की होगी, जिसमें बृज एवं पश्चिम क्षेत्र को शामिल किया गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा रैली को संबोधित करेंगे। गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने पश्चिमांचल रैली की तैयारियों की समीक्षा की।
उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि संगठन स्तर पर लगातार वर्चुअल सभाएं, बैठकें, सम्मेलन और जनसंवाद आदि कार्यक्रमों के आयोजन से निचले स्तर पर आम कार्यकर्ता भी डिजिटल माध्यमों के बेहतर प्रयोग करने में दक्ष हो गए हैं। इस कारण क्षेत्रीय रैलियों में रिकार्ड लोग जुड़ने की संभावना प्रबल हो गयी है।
जूम के बदले सिस्को वेब का होगा प्रयोग : चीन से चल रहे विवाद को देखते हुए रैलियों में चीनी एप इस्तेमाल नहीं किए जाएंगे। इसके लिए प्रत्येक जिले में लाइसेंस लिए जा रहें है। गत लोकसभा चुनाव में प्रयोग किए नेटवर्क के अलावा प्रत्येक बूथ पर कम से कम पांच स्मार्ट फोन धारकों को चिन्हित किया गया है। संक्रमण बचाव के उपायों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए है। जिला व क्षेत्रीय पदाधिकारियों को सक्रिय करते हुए मोर्चा व प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं को भी रैलियों के प्रसारण मेें सहयोग की जिम्मेदारी सौंपी गयी है।
पूर्वांचल की रैली 24 व मध्यांचल रैली 27 को होगी : पश्चिमांचल के बाद 24 जून को पूर्वांचल की वर्चुअल रैली होगी। इसमें काशी व गोरखपुर क्षेत्र को शामिल किया गया है। पूर्वांचल की रैली को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर संबोधित करेंगे। इसके बाद 27 जून को प्रस्तावित मध्यांचल की जनसंवाद रैली को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी संबोधित करेंगी। इसमें अवध व कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र को शामिल किया गया है। वर्चुअल रैलियों में सभी वर्गों जाति व धर्म के लोगों को अधिक से अधिक जोड़ने के लिए क्षेत्र व जिले वार बैठकें भी हो रही हैं।
बूथ स्तर पर ई-लिंक बांटे जाएंगे : फेसबुक, यू-ट्यूब व ट्विटर सहित अन्य डिजिटल माध्यमों से राष्ट्रीय नेताओं के संबोधन का लाइव प्रसारण सोशल मीडिया के माध्यम से कराने के लिए बूथ स्तर पर ई-लिंक दिए जाएंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कार्यक्रम के लिंक दिल्ली से दिए जाएंगे।
भाजपा का अभियान दो दिन स्थगित : चीनी सेना से झड़प में शहीद हुए भारतीय सैनिकों के सम्मान में भारतीय जनता पार्टी ने आत्मनिर्भर भारत अभियान के कार्यक्रम दो दिन (18-19 जून) के लिए स्थगित कर दिए है। इसके चलते गुरुवार को होने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा वर्चुअल जनसंवाद कार्यक्रम भी नहीं हो सके। घर-घर परिवार संपर्क अभियान भी नहीं चलाया गया। बता दें कि मुख्यमंत्री योगी को लघु उद्यमियों और मनोज सिन्हा को ट्रांसपोर्ट संचालकों के साथ आनलाइन संवाद करना था।