विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 23, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Army Recruitment Rally: ओपन भर्ती रैली पर अब भी रोक, सेवारत और पूर्व सैन‍िक आश्र‍ितों के ल‍िए यूएचक्यू को हरी झंडी

By Anurag GuptaEdited By:
Published: Sat, 23 Oct 2021 01:09 AM (IST)

15 नवंबर से छावनी के एएमसी स्टेडियम में होगी रेजीमेंटल सेंटर की भर्ती रैली योग्य अभ्यर्थियों को जारी होंगे एडमिट ...और पढ़ें

रैली एएमसी स्टेडियम में 15 से 30 नवंबर तक होगी।
रैली एएमसी स्टेडियम में 15 से 30 नवंबर तक होगी।

लखनऊ, जागरण संवाददाता। पिछले डेढ़ साल से जहां सेना की ओपन भर्ती रैली पर लगी रोक नहीं हट सकी है, वहीं लखनऊ में अगले महीने सेवारत जवानों और पूर्व सैनिकों के आश्रितों के लिए यूनिट हेडक्वार्टर कोटे (यूएचक्यू) के तहत भर्ती रैली को मंजूरी मिल गई है। यह रैली एएमसी स्टेडियम में 15 से 30 नवंबर तक होगी। दरअसल, सेना में दो तरह की भर्ती रैली युवाओं के लिए आयोजित होती हैं। पहली ओपन भर्ती रैली होती है, जिसमें योग्य उम्मीदवार सैनिक जीडी, ट्रेड्समैन, स्टोरकीपर तकनीकी, क्लर्क के लिए अपने जिला के अनुसार भर्ती रैली में हिस्सा लेते हैं। यह रैली पिछले साल मार्च से नहीं हो सकी थी।

सेना भर्ती कार्यालय लखनऊ के अंतर्गत आने वाले जिलों के अभ्यर्थियों को रैली में हिस्सा लेने का मौका ही नहीं मिल सका। इससे बड़ी संख्या में युवा भर्ती रैली के लिए जरूरी अधिकतम आयु की सीमा को पूरा कर चुके हैं। वाराणसी व अयोध्या सहित कई सेना भर्ती कार्यालय पर अभ्यर्थी प्रदर्शन कर रहे हैं। मेजर (अवकाशप्राप्त) एके सि‍ंह ने रक्षा मंत्री राजनाथ सि‍ंह को पत्र लिखकर भर्ती रैली को प्रारंभ करने की मांग की है। उधर, सेना में तैनात जवानों और पूर्व सैनिकों के आश्रितों को भर्ती के लिए यूएचक्यू के तहत रैली रेजीमेंटल सेंटर के स्तर पर रैली होती है।

यह है यूएचक्यू का प्रस्तावित कार्यक्रम : एएमसी सेंटर व कॉलेज में यूएचक्यू के तहत भर्ती रैली के आवेदन पहले ही मांगे गए थे। दस्तावेजों की जांच के बाद सेना ने पात्र अभ्यर्थियों को भर्ती रैली के लिए प्रवेश पत्र जारी करने के आदेश दिए हैं। सैनिक तकनीकी नर्सिंग सहायक की भर्ती रैली 15 से 18 नवंबर, सैनिक क्लर्क/एसकेटी की भर्ती रैली 19 व 20 नवंबर, सैनिक जनरल ड्यूटी (एंबुलेंस सहायक व चालक) के पदों के लिए 21 से 25 नवंबर, सैनिक ट्रेड्समैन (दसवीं पास) की रैली 26 से 28 नवंबर और सैनिक ट्रेड्समैन (आठवीं पास) की रैली 29 व 30 नवंबर को आयोजित की जाएगी।