UP: सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने सीएम योगी से की गाजीपुर का नाम बदलकर विश्वामित्र नगर करने की मांग
UP Politics ओमप्रकाश राजभर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गाजीपुर जिले का नाम बदलकर विश्वामित्र नगर करने की मांग की है। ओपी राजभर ने इसके लिए सीएम योगी को पत्र भी लिख है। इससे पहले सुभासपा के राष्ट्रीय सचिव भी इस संबंध में CM Yogi को पत्र लिख चुके हैं।
लखनऊ, जेएनएन। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने अब गाजीपुर जिले का नाम बदलने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। इससे पहले सुभासपा के राष्ट्रीय सचिव भी गाजीपुर का नाम बदलने के लिए सीएम योगी को पत्र लिख चुके हैं।
ओपी राजभर ने सीएम योगी को पत्र लिखकर कहा कि गाजीपुर के पौराणिक महत्व में ब्रह्मर्षि विश्वामित्र की अद्वितीय भूमिका का उल्लेख करते हुए गाजीपुर का नाम बदलकर विश्वामित्र नगर करने की मांग की है।
भाजपा सरकार में बदले गए इन शहरों के नाम
- इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज किया गया।
- फैजाबाद का नाम बदलकर अयोध्या किया गया।
योगी सरकार ने बदले इन रेलवे स्टेशनों के नाम
- मुगलसराय रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन किया गया।
- झांसी रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन रखा गया।
सबसे पहले मुगलसराय जंक्शन का बदला था नाम
सबसे पहले मुगलसराय जंक्शन का नाम बदल कर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन कर दिया गया था। इसके बाद मुगलसराय तहसील का नाम भी पंडित दीन दयाल उपाध्याय कर दिया गया था।
लखनऊ के इन जगहों के बदले गए नाम
कुछ महीने पहले प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कई जगहों के नाम बदले गए थे। इनमें बर्लिगटन चौराहा का नाम अशोक सिंघल कर दिया गया। सर्वोदयनगर में द्वार का नाम नामकरण विनायक दामोदर सावरकर द्वार कर दिया गया। वहीं सिकंदराबाग चौराहे का नामकरण विरांगना उदादेवी हो गया तो विरामखंड राम भवन चौराहा, अमर शहीद मेजर कमल कालिया चौराहा किया गया।
चौरीचौरा प्रतिशोध के 100वें वर्ष में भेजा गया था नाम बदलने का प्रस्ताव
चौरी चौरा प्रतिशोध के 100वें वर्ष में तथ्यों को सही करने के क्रम में जिला प्रशासन ने मुंडेरा बाजार नगर पंचायत का नाम चौरी चौरा के नाम पर करने का प्रस्ताव भेजा था। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शासन के प्रस्ताव पर निर्णय लेते हुए नाम परिवर्तन को लेकर अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी कर दिया है।