उड़ान भरने से चंद मिनट पहले विमान का पहिया जाम, यात्रियों ने किया हंगामा-कल होगा रवाना Lucknow News
ओमान एयर के विमान में अचानक आयी गड़बड़ी। अब बुधवार सुबह रवाना होगा विमान।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से मस्कट के लिए उड़ान भरते समय ओमान एयरलाइन के विमान के बाएं पहिए में अचानक खराबी आ गई। पहिए का ब्रेक जाम होने के कारण रनवे पर जाने के बाद विमान को वापस टैक्सी-वे एरिया में लौटाया गया। यात्रियों को होटल में ठहराया गया। जबकि पहिए के साथ कॉकपिट की स्क्रीन की मरम्मत का काम शुरू हो गया। अब विमान बुधवार सुबह सात बजे मस्कट रवाना होगा।
ओमान एयरलाइन के विमान को मंगलवार दोपहर 2:45 बजे मस्कट रवाना होना था। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से 180 यात्री बोर्डिंग और चेकिंग प्रक्रिया के बाद विमान में सवार हुए। विमान रनवे तक पहुंचा ही था कि कॉकपिट में लगी स्क्रीन पर पायलट को किसी गड़बड़ी का अंदेशा हुआ। पायलट ने तुरंत इसकी सूचना एटीसी को दी। एटीसी की सूचना पर इंजीनियर रनवे पर पहुंच गए। विमान की गड़बड़ी को दूर करने के लिए आधा घंटे तक प्रयास किया गया, लेकिन गड़बड़ी दूर न हो सकी। इस बीच एयरपोर्ट के ऊपर दो और विमान आ गए। ऐसे में मस्कट जाने वाले विमान को टैक्सी-वे पर लाया गया।
यात्री करने लगे हंगामा
यात्रियों को पहले टर्मिनल में पहुंचाया गया। बहुत देर तक जब पहिए की गड़बड़ी दूर न हुई तो यात्री हंगामा करने लगे। जिसके बाद उनको एक होटल में ठहराया गया।