शादी का झांसा देकर बना ली युवती की अश्लील क्लिपिंग
पीतलनगरी मुरादाबाद में महिलाओं के प्रति अपराध की बाढ़ सी आ गई है। यहां पर कल शादी का झांसा देकर युवक के युवती की अश्लील क्लिपिंग बनाने का मामला सामने आया है। मेरठ से आए लड़की के परिवार के लोगों ने युवक के घर पर काफी हंगामा किया।
लखनऊ। पीतलनगरी मुरादाबाद में महिलाओं के प्रति अपराध की बाढ़ सी आ गई है। यहां पर कल शादी का झांसा देकर युवक के युवती की अश्लील क्लिपिंग बनाने का मामला सामने आया है। इसकी सूचना पर मेरठ से आए लड़की के परिवार के लोगों ने युवक के घर पर काफी हंगामा किया। इसके बाद आरोपी घर में ताला बंद कर फरार है।
मेरठ के शास्त्री नगर निवासी एक युवती मुरादाबाद के कोतवाली क्षेत्र के हरपाल नगर में मौसी के घर में रहती हैं। युवती उनके घर रहकर एमए की पढ़ाई कर रही है। युवती के अनुसार बुद्धि विहार में शाहजहांपुर के छोटा चौक का अजय अपने दोस्त रवि संग किराए पर रहता है। छह माह पहले अजय से उस युवती के साथ प्रेम संबंध हो गये। इसके बाद युवती कभी अजय के घर पर भी पढऩे जाती थी। इस दौरान उसके अजय के साथ शारीरिक संबंध बने। इसके बाद तो अजय अक्सर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने लगा। अजय ने उसको शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के दौरान मोबाइल पर रिकार्डिंग भी कर ली। युवती को करीब एक माह पहले रवि से पता चला कि अजय की शादी परिवार वाले अलीगढ़ से कर रहे हैं। अजय से इस संबंध में जानकारी की तो उसने क्लिपिंग सार्वजनिक करने की धमकी दी। युवती ने परेशान होकर अपने घरवालों के सामने सारा प्रकरण खोल दिया। मेरठ से कल उसके परिवार के लोग बुद्धि विहार पहुंचे और अजय के घर के बाहर हंगामा शुरू कर दिया। अफरा-तफरी का फायदा उठाकर अजय वहां से निकल गया। पुलिस में कार्रवाई की बात कहते हुए परिवार वाले हरपाल नगर चले गये।
किशोरी को घर बुलाने के बाद की अश्लीलता
मुरादाबाद के सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के आदर्श कालोनी में पड़ोसी ने एक किशोरी को घर बुलाकर अश्लीलता की। इतना ही नहीं उसने घर में शराब पी रहे अपने दोस्तों के सामने भी किशोरी को परोसने का प्रयास किया। पीडि़ता ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। आदर्श कालोनी निवासिनी किशोरी ने पुलिस को बताया कि उसके पड़ोस में संतराम रहता है। जो लोगों को घर में लाकर शराब पिलाता है। कल रात में भी वह लोगों को शराब पिला रहा था। संतराम के बुलाने पर वह पड़ोसी के नाते वहां चली गई। संतराम ने उसके घर में घुसते ही दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। जब पीडि़ता ने विरोध किया तो संतराम ने पहले उसे कुछ रुपया देने का लालच दिया बाद में उसे घर में बैठकर शराब पी रहे लोगों के हवाले कर दिया। विरोध करने पर उसने उसके साथियों ने उसके साथ मारपीट की। किशोरी की चीख पुकार सुन उसकी चाची और मुहल्ले की अन्य महिलाओं ने पहुंचकर किशोरी को मुक्त कराया। पीडि़ता के अनुसार संतराम जान से मारने की धमकी दे रहा था। पीडि़ता ने आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।