यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 24, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आदित्यनाथ सरकार 2.0 का शपथ ग्रहण कल, विपक्षी नेता, प्रख्यात उद्योगपति तथा फिल्म स्टार्स आमंत्रित
Oath Ceremony Of Yogi Government 2.0 अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम शहीद पथ पर शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी ...और पढ़ें

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत मिलने के बाद लगातार दूसरी बार सरकार बनाने जा रही भारतीय जनता पार्टी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण समारोह को बेहद यादगार बनाने जा रही है। लखनऊ के इकाना इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 25 मार्च को शाम चार बजे से होने वाले इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ गृह मंत्री अमित शाह तो शामिल होंगे ही, विपक्षी दल के नेताओं, प्रख्यात उद्योगपति तथा फिल्म स्टार्स के साथ खिलाडिय़ों को भी आमंत्रित किया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूसरे कार्यकाल के शपथ ग्रहण समारोह में विपक्षी दलों के नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मुलायम सिंह यादव, मायावती तथा अखिलेश यादव के साथ उनके सहयोगी दल के नेता जयंत चौधरी, ओम प्रकाश राजभर तथा अन्य विपक्षी दलों के नेताओं को भाजपा की तरफ से निमंत्रण पत्र भेजा गया है। इस शपथ ग्रहण समारोह के लिए मुकेश अंबानी, गौतम अडानी तथा आनंद महिन्द्रा सहित दर्जनों उद्योगपतियों को भी निमंत्रण पत्र भेजा गया है।

योगी आदित्यनाथ सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेमा खांडू, मणिपुर के मुख्यमंत्री बीरेन सिंह, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम सिंह ठाकुर, बॉलीवुड में अक्षय कुमार, कंगना राणावत, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लव कुमार देब, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र भाई पटेल, कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई तथा राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी शपथ ग्रहण में उपस्थित रहेंगी।

शपथ ग्रहण समारोह में फिल्म स्टार्स अक्षय कुमार, कंगना रनौत, अजय देवगन, अनुपम खेर, विवेक अग्निहोत्री और बोनी कपूर के साथ कई डायरेक्टर, प्रोड्यूसर और गायक-गायिका को भी निमंत्रण पत्र भेजा गया गया है। योगी आदित्यनाथ के शपथ समारोह में ‘द कश्मीर फाइल्स’ की टीम को भी न्यौता भेजा गया है।राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी, साधु-संत, विभिन्न क्षेत्रों के गण्यमान्यजन शामिल होंगे।

शपथ ग्रहण की तैयारियां पूरी : राजधानी लखनऊ ग्रहण समारोह के लिए केसरियामय हो गई है। हर चौराहे और सड़क को भगवा से पाट दिया गया है। जगह-जगह योगी सरकार की उपलब्धियों और कराए जा रहे विकास के कामों के पोस्टर-होर्डिंग लगे हैं। इन पोस्टरों पर एक ही नारा लिखा है-हम निकल पड़े हैं प्रण करके नए भारत का नया उत्तर प्रदेश बनाने को। पूरा लखनऊ केसरिया में रंगा नजर आ रहा है।अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम, शहीद पथ पर शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह, प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान और प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह की मौजूदगी में योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस दौरान उनके साथ अन्य मंत्री भी शपथ लेंगे।
