विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज आईपीओ: 17 सितंबर से करें अप्लाई, फेसवैल्यू एक रुपये और 1785 प्राइस बैंड, चेक करें पूरी डिटेल

Published: Wed, 16 Sep 2026 08:52 PM (IST)

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का आईपीओ 17 सितंबर से सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा, जिसका प्राइस बैंड 1,700 से 1,785 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. एनएसई आईपीओ 17 सितंबर से 21 सितंबर तक सब्सक्रिप्शन के लिए।

  2. आईपीओ का प्राइस बैंड 1,700-1,785 रुपये प्रति शेयर तय।

  3. यह आईपीओ मौजूदा शेयरधारकों द्वारा ऑफर फॉर सेल है।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। नेशनल स्टाक एक्सचेंज आफ इंडिया लिमिटेड (एनएसई) का आईपीओ 17 सितंबर से सब्सक्रिप्शन के लिए खुल जाएगा। एनएसई ने अपने आईपीओ के लिए प्रति शेयर 1,700 रुपये से 1,785 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। शेयर की फेसवैल्यू एक रुपये होगी। सब्सक्रिप्शन 21 सितंबर को बंद होगा। निवेशक कम से कम आठ शेयरों और उसके बाद मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं।

नेशनल स्टाक एक्सचेंज के बिजनेस डेवलपमेंट आफिसर श्रीराम कृष्णन ने मंगलवार को एक होटल में आईपीओ की जानकारी देते हुए बताया कि एक रुपये की फेसवैल्यू वाला यह आईपीओ पूरी तरह से आफर फार सेल है। इसमें मौजूदा कारपोरेट शेयरहोल्डर्स कुल 12,64,36,650 शेयर बेच रहे हैं।

इन बेचने वाले शेयरहोल्डर्स में स्टेट बैंक आफ इंडिया, कनाडा पेंशन प्लान इन्वेस्टमेंट बोर्ड, अरंदा इंवेस्टमेंट्स (मारीशस) पीटीई लिमिटेड, एमएस स्ट्रैटेजिक (मारीशस) लिमिटेड, द न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, एसबीआई कैपिटल मार्केट्स लिमिटेड, बैंक आफ बड़ौदा, स्टाक होल्डिंग कारपोरेशन आफ इंडिया लिमिटेड, जनरल इंश्योरेंस कार्पोरेशन आफ इंडिया लिमिटेड और यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड शामिल हैं।

यह इश्यू सेबी आईसीडीआर के नियमों के मुताबिक बुक-बिल्डिंग प्रोसेस के जरिए लाया जा रहा है। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए अधिकतम 50 प्रतिशत हिस्सा रिजर्व है।

नान-इंस्टीट्यूशनल इंवेस्टर्स (एनआईआई) के लिए कम से कम 15 प्रतिशत और रिटेल इनवेस्टर्स (आरआईआई) के लिए कम से कम 35 प्रतिशत हिस्सा रखा गया है।

कंपनी का यूनिक रजिस्टर्ड इंवेस्टर्स बेस 26.23 प्रतिशत की सालाना चक्रवृद्धि दर से बढ़ा है। यह 31 मार्च 2020 को 3.08 करोड़ था, जो 30 जून 2026 को बढ़कर 13.23 करोड़ हो गया।

रेडसीर रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय शेयर बाजार के सभी मुख्य सेगमेंट में एनएसई का दबदबा कायम है। वित्तीय वर्ष 2026 और जून 2026 तिमाही के दौरान कैश मार्केट में इसकी हिस्सेदारी 93 प्रतिशत के करीब रही।