अब सिर्फ 15 रु में पहुंचे चारबाग से लखनऊ महोत्सव, पांच रूटों पर 22 बसों का संचालन
रूट सर्वे के बाद नगरीय परिवहन ने दिया किराया सूची को अंतिम रूप। बीबीडी और इंटीग्रल से महोत्सव आने वालों को देने होंगे 40 रुपये।
लखनऊ, जेएनएन। रूट सर्वे के बाद लखनऊ महोत्सव के लिए संचालित होने वाली बसों का किराया गुरुवार को तय हो गया। इसमें न्यूनतम दर चारबाग से 15 रुपये और अन्य स्थानों से अधिकतम 35 रुपये प्रति सीट प्रति व्यक्ति रखा गया है। बीच के अन्य स्थानों के लिए तय किराये में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वह अपनी तय दरों के अनुसार ही लिया जाएगा।
प्रबंध निदेशक आरिफ सकलैन के मुताबिक नगर बस और किराये को अंतिम रूप दे दिया गया है। यह सभी नगर बसें कई फेरे लगाएंगी। नगर बसें सुबह से रात तक लगातार चलाई जाएंगी। जरूरत पडऩे पर और बसों को महोत्सव स्थल तक लाने और ले जाने के लिए लगाया जाएगा। गोमतीनगर डिपो पांच रूट पर अपनी 22 बसों का संचालन करेगा। वहीं, दुबग्गा डिपो के एआरएम सतीश पॉल का कहना है कि चार मार्गों पर आठ नगर बसें चलाई जाएंगी। चारबाग से महोत्सव स्थल का 15 रुपया लगेगा।
बाराबंकी और देवा से आने के लिए देने होंगे 45 रुपये
गोमतीनगर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अशोक मेहरोत्रा ने बताया कि देवा शरीफ और बाराबंकी से महोत्सव स्थल का किराया 45 रुपये होगा। यह महोत्सव स्थल तक जाने की अधिकतम दर भी होगी। माती और अन्य क्षेत्रों से आने वाले लोग महोत्सव स्थल तक सिटी बसों से आ सकेंगे। बीबीडी, इंटीग्रल और गोमतीनगर विराजखंड से महोत्सव स्थल का किराया 40 रुपया होगा।