Coronavirus : अब प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में भी क्वारंटाइन वार्ड, 1500 बेड होंगे रिजर्व
Coronavirus कोरोना वायरस से निपटने के लिए सरकार ने लिया फैसला। 400 बेड के क्वारंटाइन वार्ड बनाए गए प्रसाद मेडिकल कॉलेज में।
लखनऊ, जेएनएन। Coronavirus : सरकार ने कोरोना वायरस से निपटने की बड़ी रणनीति तैयार की है। अब सरकारी के साथ-साथ प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में क्वारंटाइन वार्ड बनाने का फैसला किया है। मंगलवार को प्रसाद मेडिकल कॉलेज में चार सौ बेड के क्वारंटाइन वार्ड बनाए गए हैं।
सीएमओ डॉ. नरेंद्र अग्रवाल के मुताबिक राजधानी के सरकारी अस्पतालों व चिकित्सा संस्थानों में आइसोलेशन वार्ड बन गए हैं। यहां संदिग्ध मरीजों का इलाज किया जा रहा है। वहीं, वायरस के प्रसार को रोकने के लिए क्वारंटाइन वार्ड बनाने का फैसला किया गया है। इसके लिए कैंसर संस्थान में 50 बेड, लोकबंधु अस्पताल में 100 बेड, ईएसआइ हॉस्पिटल में 50 बेड, किला मोहम्मदी स्थित डूडा के खाली फ्लैट में 80 बेड की व्यवस्था की गई है। अब प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों व अस्पतालों को भी लोकेट किया जा रहा है। मंगलवार को कानपुर रोड स्थित प्रसाद मेडिकल कॉलेज में 400 बेड के क्वारंटाइन वार्ड बनाए गए हैं।
1500 बेड होंगे रिजर्व
डॉ. नरेंद्र अग्रवाल के मुताबिक, अभी 280 बेड क्वारंटाइन वार्ड के थे। चार सौ और बढ़ गए। वहीं, जल्द ही बेडों की संख्या 1500 की जाएगी।
यहां से आए यात्री होंगे क्वारंटाइन
इन बेडों पर 14 दिन के लिए चाइना, रिपब्लिक ऑफ कोरिया, फ्रांस, जर्मनी, स्पेन, इटली और ईरान से लौटे यात्री भर्ती किए जाएंगे। खासकर, 60 वर्ष से अधिक उम्र के यात्री, हाईपरटेंसिव, अस्थमा व डायबिटीज पीडि़तों को कड़ी निगरानी में रखा जाएगा। इन पर वायरस का खतरा अधिक है।
आइसोलेशन वार्ड
- 08 बेड का लोहिया संस्थान में आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। इसमें दो बेडों पर वेंटिलेटर भी लगाया गया है।
- 10 बेड का लोकबंधु में आइसोलेशन वार्ड है। बलरामपुर में 23 बेड का आइसोलेशन वार्ड और दो वेंटिलेटर हैं।
- 12 बेड का केजीएमयू में आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। इसमें एक बेड पर वेंटिलेटर लगा दिया गया है। यहां जांच व इलाज की व्यवस्था है।