अब AC बसों से एयरपोर्ट पहुंचाए जाएंगे हज यात्री, 21 जुलाई से शुरू होगी उड़ान Lucknow News
21 जुलाई से शुरू होगी उड़ान स्टेट कमेटी ने की सात लो फ्लोर बसों की व्यवस्था। 19 से पहुंचने लगेंगे आजमीने हज सरोजनी नगर हज हाउस में दर्ज करानी होगी आमद।
लखनऊ, जेएनएन। प्रदेश के हज यात्रियों को एसी बसों से एयरपोर्ट ले जाया जाएगा। इसके लिए स्टेट हज कमेटी ने सात लो फ्लोर बसों का इंतजाम किया है। 21 जुलाई से राजधानी के चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डे से हज यात्रियों की उड़ानें शुरू होंगी। इस बार लखनऊ एयरपोर्ट से 14,500 यात्रियों को सऊदी अरब भेजा जाएगा। 19 जुलाई से हज हाउस यात्रियों से गुलजार हो जाएगा। यात्रियों को सरोजनी नगर स्थित हज हाउस में आमद दर्ज करानी होगी।
स्टेट हज कमेटी के सचिव राहुल गुप्ता ने बताया कि हज हाउस में यात्रियों के रहने के लिए चार रिहाइशी ब्लॉक बनाए गए हैं। यहीं किफायती दर पर नाश्ता और भोजन मिलेगा। यहां फ्लाइट डिस्प्ले बोर्ड भी लगाया जाएगा। यहां चार बेड का अस्थाई अस्पताल बना है। यहीं टीके भी लगाए जाएंगे।
35 रुपये में मिलेंगे कुली
हज हाउस के गेट पर चार काउंटर खोले जाएंगे। जहां यात्रियों का प्रवेश कार्ड बनेगा। सामान उठाने के लिए हज हाउस में 35 रुपये में कुली की व्यवस्था रहेगी। रिपोर्टिंग के अगले दिन काउंटर से ही यात्रियों को उनका वीजा, पासपोर्ट, ई-ब्रेसलेट दिया जाएगा।
मिलेगी ई-रिक्शा की सुविधा
हज हाउस गेट से रिहाइशी ब्लॉक तक पहुंचाने के लिए निश्शुल्क ई-रिक्शा की सुविधा होगी। यह सुविधा न्यू सिटी हॉस्पिटल एंड ट्रॉमा सेंटर व मुहम्मद मतीन कुरैशी वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से दी जाएगी। ट्रस्ट के अध्यक्ष समीर कुरैशी ने बताया कि 18 जुलाई से छह अगस्त तक 24 घंटे निश्शुल्क ई-रिक्शों की व्यवस्था रहेगी।