Good News: अब कमता बस अड्डे से 97 सिटी बसें भी होंगी संचालित, मिलेगी बड़ी राहत
शहर के ट्रैफिक जाम को भी मिलेगी बड़ी राहत। पूर्वांचल की ओर जाने वाली चार सौ बसें होंगी संचालित।
लखनऊ, जेएनएन। पूर्वांचल की ओर जाने वाले यात्रियों के साथ ही शहर के यातायात व्यवस्था को भी कमता बस स्टेशन बड़ी राहत देगा। सिटी बसों का संचालन भी बस स्टेशन से किया जाएगा। मंडलायुक्त मुकेश मेश्राम ने बुधवार को परिवहन निगम एमडी राजशेखर और डीएम अभिषेक प्रकाश के साथ बस स्टेशन का निरीक्षण किया।
कमता बस स्टेशन से पूर्वांचल की ओर जाने वाली करीब चार सौ बसें संचालित होंगी। मंडलायुक्त मुकेश मेश्राम के मुताबिक इसमें सभी आधुनिक व्यवस्थाओं को सम्मिलित किया गया है। इससे लाखों यात्रियों को सुविधा होगी। बस अड्डे से शहीद पथ के बीच रास्ते को और चौड़ा किया जाएगा। जल्द ही इसे शुरू किया जाएगा।
परिवहन निगम के एमडीए राजशेखर ने बताया कि इससे कैसरबाग बस अड्डे का भार कम होगा। शहर के बीच अब बसों को नहीं जाना पड़ेगा। इससे यातायात के साथ ही पर्यावरण के स्तर में भी सुधार आएगा। निरीक्षण के समय मौजूद जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश के मुताबिक यहां से 97 सिटी बसें संचालित की जाएगी। इसके अलावा 180 कमरों का बजट होटल भी तैयार है। बस यात्रियों की सुविधा के लिए ओला और उबर के लिए भी स्पेस रखा गया है। कैंटीन के अलावा तमाम सुविधाएं हैं। बस अड्डे के बाहर स्ट्रीट लाइट पर्याप्त संख्या में लगायी जा रही हैं।