संघ की बैठकों में भाजपा की भागीदारी नई बात नहीं-कलराज
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने 'वन रैंक वन पेंशन' को केंद्र सरकार व भाजपा की बड़ी उपलब्धि बताया है। दिल्ली में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की बैठक में प्रधानमंत्री सहित भाजपा के दिग्गज नेताओं की भागीदारी से जुड़े सवाल पर कहा कि संघ
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने 'वन रैंक वन पेंशन' को केंद्र सरकार व भाजपा की बड़ी उपलब्धि बताया है। दिल्ली में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की बैठक में प्रधानमंत्री सहित भाजपा के दिग्गज नेताओं की भागीदारी से जुड़े सवाल पर कहा कि संघ की बैठकों में भाजपा की भागीदारी कोई नई बात नहीं है। बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार में भाग लेने जाते समय वाराणसी में मीडिया से मुखातिब कलराज मिश्र ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि वो इस मामले का इतनी जल्दी निपटारा नहीं चाहता। उन्हें इस बात की खुशी है कि मामले को जल्द सुलझा लिया गया। वहीं, पूर्व सैन्यकर्मियों के विरोध को उन्होंने वैचारिक मतभेद करार दिया।
राहुल की सोच नकारात्मक
केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना भी साधा। बोले, उनकी सोच नकारात्मक है, इसलिए वो हर योजना का विरोध करते हैं। राहुल गांधी को सिर्फ सरकार का विरोध करना आता है। उनके पास अब मुद्दे नहीं बचे हैं। इसलिए विरोध की राजनीति कर रहे हैं। जनता को गुमराह कर रहे हैं। कांग्रेस का हर नेता इस वक्त राहुल गांधी के पद चिह्नों पर चल रहा है। राहुल के साथ-साथ पूरी कांग्रेस की सोच भी नकारात्मक है।
मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहे
कलराज ने कहा कि संघ की बैठकों में भाजपा नेताओं का आना कोई नई बात नहीं है। ये सिलसिला लंबे समय से चलता आ रहा है। संघ परिवार की बैठकें होती रही हैं और आगे भी होती रहेंगी। एक सवाल पर कहा कि बिहार चुनाव में पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा आगे बढ़ रही है और वह पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी।