उत्तरी-पश्चिमी हवाएं पहाड़ी इलाकों से लेकर आ रहीं ठंड, सुबह-शाम धुंध भी रहेगी
पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी क्षेत्रों में भी दिखेगा। तापमान में कमी आएगी और ठंड बढ़ेगी।
लखनऊ (जेएनएन)। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर अब मैदानी क्षेत्रों में भी दिखेगा। तापमान में कमी आएगी और ठंड बढ़ेगी। हालांकि दिन में मौसम साफ रहने से राहत मिलेगी। उत्तरी-पश्चिमी हवाएं चल रहीं हैं। पहाड़ी इलाकों से आ रही इस हवा से तापमान में कमी आएगी। इससे ठंड बढ़ेगी। सुबह-शाम धुंध रहेगी और हल्का कोहरा छाया रहेगा।
राजधानी में प्रदूषण कुछ और कम हुआ
मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री दर्ज हुआ जो सामान्य के मुकाबले एक डिग्री कम रहा। वातावरण में नमी 86 फीसद रही। राजधानी में शुक्रवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) 296 रिकार्ड किया गया। बीते तीन-चार दिनों से एक्यूआइ में निरंतर कमी आ रही है। उधर में गाजियाबाद 279, ग्रेटर नोएडा 285, कानपुर 299, मुजफ्फरपुर 291, नोएडा 267, वाराणसी 326, आगरा में एक्यूआइ 279 रहा। इसी बीच बंगाल की खाड़ी से उठने वाला चक्रवाती तूफान गाजा गुरुवार रात तमिलनाडु के पम्बन और कडलोर के बीच तट से टकरा गया है। इसके प्रभाव से भी ठंड बढ़ने की संभावना है।