विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश से गुजरने वाले 11 टोल प्लाजा होंगे बैरियर फ्री, दिल्ली- हरियाणा-राजस्थान की यात्रा होगी सुगम

Published: Thu, 29 Oct 2026 10:21 PM (IST)

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा सीमा पर स्थित 13 टोल प्लाजा को बैरियर मुक्त (मल्टी लेन फ्लो फ्री) करने जा रहा है।

अब वाहन टोल पर रुके बिना गुजरेंगे।

अब वाहन टोल पर रुके बिना गुजरेंगे।

HighLights

  1. NHAI पश्चिमी यूपी-हरियाणा में 13 टोल प्लाजा बैरियर मुक्त करेगा।

  2. इससे यात्रा समय बचेगा, ईंधन खपत भी घटेगी।

  3. फास्टैग आधारित स्वचालित प्रणाली 9 माह में लागू होगी।

हेमंत श्रीवास्तव, लखनऊ। उत्तर प्रदेश से दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान व अन्य राज्यों का सफर राष्ट्रीय राजमार्गों के माध्यम से जल्द और सुगम हो जाएगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) पश्चिमी उत्तर प्रदेश से गुजरने वाले विभिन्न हाईवे पर स्थित 11 टोल प्लाजा और हरियाणा सीमा पर स्थित दो टोल प्लाजा को बैरियर मुक्त कर मल्टी लेन फ्लो फ्री (एमएलएफएफ) टोल करने जा रहा है। इससे वाहन टोल पर रुके बिना गुजरेंगे। समय की बचत के साथ ईंधन की खपत भी घटेगी।

एनएचएआइ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अधिकारी अब्दुल बासित के अनुसार इन टोल प्लाजा को बैरियर मुक्त करने का काम नौ माह में पूरा होगा। अधिकारियों के अनुसार बैरियर हटाकर टोल पर लगाए जाने वाला रेडियो-फ्रीक्वेंसी सिग्नल वाहन के नंबर व फास्टैग की स्कैनिंग करेगा, जिससे फास्टैग खाते से टोल राशि कटेगी। स्वचालित नंबर प्लेट को हाईस्पीड एआइ कैमरे पढ़ेंगे। एबीसी/एटीसीसी सेंसर वाहन की ऊंचाई, लंबाई और आकार को मापकर यह तय करेगी कि वाहन कार, बस या ट्रक है। राडार आधारित स्पीड डिटेक्शन सेंसर टोल से गुजरने वाले वाहन की गति मापेंगे।

प्रदेश में अभी लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर ही बैरियर मुक्त टोल व्यवस्था है, लेकिन उद्घाटन के बाद एक्सप्रेसवे के क्षतिग्रस्त होने के बाद से टोल वसूली स्थगति है। नई व्यवस्था में कोई वाहन अमान्य फास्टैग अथवा किसी भी माध्यम से टोल दिए बगैर निकलेगा तो वाहन मालिक को ई-नोटिस भेजने की व्यवस्था है। ई-नोटिस मिलने के बाद 72 घंटे में बकाया टोल चुकाना होगा। तय 72 घंटे में भुगतान नहीं करने पर दोगुना चार्ज लगता है। भुगतान नहीं करने पर वाहन के फास्टैग, एनओसी, फिटनेस सर्टिफिकेट और परमिट को ब्लाक या प्रतिबंधित किया जा सकता है।

ये टोल प्लाजा किए जाएंगे बैरियर मुक्त

-मेरठ-नजीबाबाद (एनएच-119/नया एचएच-34) पर बिजनौर में भनारा टोल तथा मेरठ में मवाना टोल प्लाजा

-पानीपत से बिजनौर-नगीना तक जाने वाले एनएच 709-एडी पर मुजफ्फरनगर में स्थित मुजेहरा टोल प्लाजा

-मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर हापुड़ में स्थित कुराना टोल प्लाजा

-दिल्ली के अक्षरधाम से सहारनपुर होते हुए उत्तराखंड जाने वाले एनएच 709-बी पर बागपत में स्थित जीवना टोल तथा शामली में दभेड़ी टोल प्लाजा

-पानीपत से बिजनौर-नगीना जाने वाले एनएच 709-एडी पर हरियाणा सीमा पर पानीपत में स्थित तामशाबाद टोल व शामली/मुजफ्फरनगर की सीमा पर स्थित जगाहेड़ी टोल

-हरियाणा के भिवाणी से गढ़मुक्तेश्वर जाने वाले एनएच-709-ए पर शामली में पटनी प्रतापपुर टोल व मेरठ में स्थित भूनी टोल

-दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मथुरा जिले की सीमा पर हरियाणा के मेवात में स्थित किरंज टोल प्लाजा

-पुराना एनएच-58 गाजियाबाद से उत्तराखंड जाने वाले हाईवे पर मेरठ में स्थित सिवाया टोल प्लाजा

-दिल्ली-आगरा हाईवे पर दिल्ली-फरीदाबाद सीमा पर एनएच-19 मथुरा रोड पर फरीदाबाद जिले में स्थित बदरपुर-फरीदाबाद टोल प्लाजा