यूपी के 18 और उत्तराखंड के एक जिले से गुजरेगा पानीपत-गोरखपुर हाईवे कॉरिडोर, अलाइनमेंट को NHAI की मंजूरी
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने शामली-गोरखपुर हाई-स्पीड ग्रीनफील्ड हाईवे कॉरिडोर के एलाइनमेंट को मंजूरी दे दी है, जो उत्तर ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
NHAI ने शामली-गोरखपुर हाईवे कॉरिडोर के एलाइनमेंट को दी मंजूरी।
यह हाईवे यूपी के 18 और उत्तराखंड के हरिद्वार से गुजरेगा।
100 किमी/घंटा की गति वाला चार लेन का हाई-स्पीड कॉरिडोर।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने प्रदेश के सबसे लंबे प्रवेश नियंत्रित नेशनल हाईवे कारिडोर शामली-गोरखपुर के एलाइनमेंट (संरेखड़) को स्वीकृत कर दिया है। पानीपत से शामली होते हुए गोरखपुर तक प्रस्तावित यह हाईस्पीड ग्रीनफील्ड हाईवे प्रदेश के 18 जिलों के साथ ही उत्तराखंड के हरिद्वार से होकर गुजरेगा।
प्रदेश में दो फेज में इसका निर्माण किया जाएगा। निर्माण की विस्तृत कार्ययोजना भी स्वीकृति के लिए एनएचएआई मुख्यालय को भेज दी गई है, उम्मीद है कि इसे भी जल्द स्वीकृति मिल जाएगी।
एनएचएआई लखनऊ के क्षेत्रीय अधिकारी गौतम विशाल ने बताया है कि प्रदेश में पूरब से पश्चिम को जोड़ने वाले इस हाईवे कारिडोर के एलाइनमेंट को प्राधिकरण मुख्यालय ने स्वीकृति दे दी है। इस हाईवे की स्पीड 100 किमी प्रति घंटे की होगी। हाईवे चार लेन का बनाया जाएगा जिसे बाद में छह लेन तक बढ़ाया जा सकेगा।
प्रथम फेज की लंबाई 348.039 किमी है। इस फेज में हाईवे का निर्माण शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, हरिद्वार, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत होते हुए सहारनपुर तक किया जाएगा।
इस फेज में 12 आरओबी और 18 अंडर पास बनेंगे। 25 बड़े पुल और 125 छोटे पुल बनाए जाएंगे। आठ स्थानों पर जनसुविधा केंद्र विकसित किए जाएंगे। फेज-टू की लंबाई 397.137 किमी. होगी।
इस फेज में लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, संतकबीर नगर, गोरखपुर होते हुए कुशीनगर तक इस हाईवे कारिडोर का निर्माण होगा। इस फेज में आठ आरओबी, 16 अंडरपास, 38 बड़े पुल और 145 छोटे पुल बनाए जाएंगे।
जनसुविधा केंद्र छह स्थानों पर विकसित किए जाएंगे। क्षेत्रीय अधिकारी के मुताबिक कुशीनगर से यह कारिडोर बिहार होते हुए पश्चिम बंगाल सिलीगुड़ी तक बनाया जाना प्रस्तावित है।
यह भी पढ़ें- मीरजापुर में रोजगार सृजन केंद्र बनेगा विंध्य क्षेत्र, कृषि आधारित उद्योगों से बदलेगी तस्वीर
