रायबरेली में विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप लगा के भिड़े दोनों पक्ष; 12 लोग हिरासत में
खजूरों निवासी कोमल तिवारी पत्नी बालमुकुंद तिवारी की शुक्रवार की सुबह मौत हो गई। ससुरालीजन का कहना है विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। पुलिस पहुंची तो उसका शव बेड पर पड़ा था। इस कारण घटना को लेकर संदेह जताया जा रहा है।
रायबरेली, जेएनएन। संदिग्ध हालात में एक विवाहिता की मौत हो गई। इस घटना के बाद मायके और ससुराल पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। इनके बीच हुई मारपीट में दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने 12 लोगों को हिरासत में लिया है। खजूरों निवासी कोमल तिवारी पत्नी बालमुकुंद तिवारी की शुक्रवार की सुबह मौत हो गई। ससुरालीजन का कहना है विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। पुलिस पहुंची तो उसका शव बेड पर पड़ा था। इस कारण घटना को लेकर संदेह जताया जा रहा है।
जानकारी मिलने पर उन्नाव जिले के हिंदू नगर मजरे कुंदनपुर निवासी पीड़ित पिता अजय कुमार वाजपेयी रिश्तेदारों के साथ आ गए। यहां दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने लगे। विवाद बढ़ा तो पुलिस की मौजूदगी में ही भिड़ गए। मारपीट शुरू होने पर अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह पुलिस ने दोनों पक्षों को काबू में किया। मारपीट में गांव के प्रेम नारायण और जितेंद्र घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों तरफ के करीब 12 लोगों को हिरासत में लिया है। अजय का आरोप है कि एक लाख रुपये न मिलने के कारण ससुरालीजन ने बेटी की हत्या कर दी है। इसके बाद इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की है।
थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। केस दर्ज करके जांच की जाएगी। घायलों को इलाज के लिए भेजने के साथ ही मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस अनुरूप प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।