नीरज की स्मृति में उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान से पुरस्कृत होंगे नवोदित कवि : योगी
प्रदेश के पांच नवोदित कवियों को एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार, अंगवस्त्र व सम्मान-पत्र देगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह घोषणा की।
लखनऊ (जेएनएन)। दिवंगत कवि गोपाल दास नीरज की स्मृति में उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान प्रत्येक वर्ष उनके स्मृति दिवस (पुण्य तिथि) पर प्रदेश के पांच नवोदित कवियों को एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार, अंगवस्त्र व सम्मान-पत्र देगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को यह घोषणा की। उन्होंने मूर्धन्य कवि के निधन पर गहरा शोक जताने के साथ उनकी अंतिम यात्रा को राजकीय सम्मान के साथ निकालने का निर्देश दिया है।
अंतिम बार जून में लखनऊ आए थे नीरज
मशहूर कवि और गीतकार गोपाल दास नीरज अंतिम बार जून में राजधानी लखनऊ आए थे। यहां उन्होंने यश भारती सम्मान की पेंशन के लिए सरकार और भाजपा संगठन का दरवाजा खटखटाया था। नीरज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पांच कालिदास पर और भाजपा मुख्यालय में प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल से मुलाकात की थी। दरअसल, पूर्व की सपा सरकार में नीरज को यश भारती से सम्मानित किया गया था। सपा सरकार की घोषणा के अनुसार यश भारती पाने वालों को सरकार की ओर से हर माह 50 हजार रुपये पेंशन मिलती। सवा साल पहले राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद से पेंशन देने पर रोक लगी है। वैसे तो मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद नीरज ने कहा था कि बातचीत सकारात्मक रही है लेकिन पेंशन पर अब तक सरकार ने कोई निर्णय नहीं किया है।