महिला हत्याकांड: फोन पर बात करने को लेकर हुआ था विवाद, बैग में मिले थे शरीर के टुकड़े
गोंडा में दो बच्चों के साथ रहता है दूसरा पति कोलकाता में है एक बेटा। सामूहिक विवाह आयोजन में भारती ने की थी तीसरी शादी।
लखनऊ, जेएनएन। महिला की हत्या कर शव के टुकड़े करने के मामले में पुलिस की छानबीन में कई नए तथ्य उजागर हुए हैं। पड़ताल में पता चला है कि पारा के नई कांशीराम कॉलोनी निवासी भारती ने सुनील से तीसरी शादी की थी। पहली शादी उसने कोलकाता में और दूसरी गोंडा के कर्नलगंज निवासी रामगोपाल पांडेय से की थी। रामगोपाल से भारती के दो बच्चे भी हैं, जिनका वह पालन-पोषण करता है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक भारती ने सुनील से प्रेम होने के बाद पति और बच्चों को छोड़ दिया था। वह सुनील के साथ रहने लगी थी। इसके बाद दोनों ने सामूहिक विवाह आयोजन में शादी कर ली थी। भारती फोन पर बातचीत करती थी, जिसको लेकर सुनील उस पर शक करता था। दोनों में इस बात को लेकर झगड़ा होने लगा था, जिससे तंग आकर मकान मालिक ने उन्हें घर से निकाल दिया था। इस पर भारती ने पति को छोड़कर किराये का अलग कमरा ले लिया था। कई दिन तक भारती के न मिलने पर सुनील उसकी तलाश करता रहा और किसी तरह कमरे पर पहुंच गया।
छोड़कर जाने का किया विरोध
सुनील ने भारती पर उसे अकेला छोड़कर बिना बताए चले जाने का विरोध किया था, जिसको लेकर दोनों में झगड़ा भी हुआ था। हालांकि बाद में वह भारती के पास ही रहने लगा था। बताया गया भारती ने मकान मालिक को बताया था कि उसके पति बाहर काम करते हैं और वह यहां अकेले रहेगी।
होली के अगले दिन की थी हत्या
पारा पुलिस की पड़ताल में सामने आया है कि होली के अगले दिन भारती और उसके पति को देखा गया था। हालांकि दोपहर के बाद से भारती नजर नहीं आई थी। पुलिस का मानना है कि फोन पर बातचीत को लेकर हुए विवाद के बाद 23 मार्च की रात में आरोपित ने भारती की गला दबाकर हत्या की होगी और उसके बाद आरी से उसके टुकड़े किए होंगे। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि इस हत्याकांड में और लोग तो शामिल नहीं थे।
25 मार्च से लापता है सुनील
सुनील 24 मार्च की रात में अपने भाई के घर गया था। इस दौरान उसने खाना मांगकर खाया था। भतीजी के पूछने पर आरोपित ने कहा था कि उसकी पत्नी मायके गई है। यही नहीं आरोपित ने अपने एक साथी को बताया कि उससे एक बहुत बड़ा कांड हो गया है। अब वह कभी लौटकर नहीं आएगा। आरोपित ने 25 मार्च को अपना फोन स्विच ऑफ कर लिया था, जिसके बाद से उसका सुराग नहीं लग पाया है।
जींस व टीशर्ट पर मिले खून के धब्बे
फॉरेंसिक जांच में सुनील के जींस व टीशर्ट पर खून के कुछ धब्बे मिले हैं। सुनील ने पूरा कमरा और अपने कपड़े साफ किए थे। हालांकि बारीकी से हुई पड़ताल में कमरे व कपड़ों पर भारती के ब्लड सेल्स मिलने की पुष्टि हुई है।