यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 26, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बिहार में एनडीए को मिलेगा बहुमत, 2017 में यूपी भी जीतेंगे : राजनाथ
देश के गृह मंत्री राजनाथ सिंह को भरोसा है कि बिहार में इस बार तस्वीर बदल जाएगी। अपने संसदीय क्षेत्र ...और पढ़ें

लखनऊ। देश के गृह मंत्री राजनाथ सिंह को भरोसा है कि बिहार में इस बार तस्वीर बदल जाएगी। संसदीय क्षेत्र लखनऊ के तीन दिवसीय दौरे में आज भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में राजनाथ सिंह ने कहा कि बिहार विधानसभा के चुनाव में इस बार एनडीए को बहुमत मिलेगा। इसके साथ ही 2017 में भाजपा उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी।
भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे राजनाथ सिंह ने आज दिन में ठाकुरगंज में लखनऊ उत्तर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में अब जल्दी ही तस्वीर बदलने वाली है। वहां पर एनडीए को पूर्ण बहुमत मिलेगा। लंबे समय बाद बिहार को कुशासन से मुक्ति मिलेगी और देश के सर्वाधिक धनी राज्य विकास की राह पर तेजी से चलेगा। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार राजनीति नहीं विकास कर रही है। सरकार किसी भी राज्य के साथ किसी तरह का भेदभाव नहीं कर रही है। जो भी ऐसा कह रहे हैं वो केंद्र सरकार की गलत तस्वीर पेश कर रहे हैं।
राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारी सरकार किसानों के लिए काम कर रही है। शायद ही कोई ऐसा प्रदेश हो जहां पर किसानों के लिए केंद्र सरकार से पैसा ना भेजा गया हो। उत्तर प्रदेश को हमने पचास हजार करोड़ रुपये की मदद भेजी है। उन्होंने कहा कि अब किसी भी किसान को महाजन से कर्ज नहीं लेना पड़ेगा। अब बैंक किसानों को कम ब्याज दर पर मुद्रा देगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य सभी बेरोजगारों को स्वावलम्बी बनाने का है। हमारी सरकार गरीबों को पैसा नहीं बांट रही है। सरकार गरीबों को हुनरमंद बना रही है। जिससे कि आगे भी उनका आत्मविश्वास बढ़े। वो अपने दम पर अपना तथा परिवार का पेट पाल सकें। जिससे देश में गरीबी की दर गिरती ही जाएगी।
घुसपैठ में कमी आई
राजनाथ सिंह ने दावा किया कि देश में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के सत्ता में आने के बाद घुसपैठ की घटनाओं में कमी आई है। 2013 में घुसपैठ की 277 और 2012 में 264 घटनाएं हुई थीं, जबकि 2014 में 52 घटनाएं हुईं और इस वर्ष अभी तक केवल 15 घटनाएं हुई है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद घुसपैठ के खिलाफ सख्त चौकसी बरती गई है और घुसपैठ की कोशिश करते 130 आतंकी मारे गए हैं, जबकि 2013 में 110 और 2012 में 67 आतंकवादी घुसपैठ की कोशिश करते मारे गए थे।
गृहमंत्री राजनाथ सिंह को भरोसा है कि इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) भारत में अपनी जड़ें नहीं जमा पाएगा और इसका बहुत बड़ा श्रेय देश के मुसलमानों को जाता है। उन्होंने कहा कि भारत की बढ़ती सामरिक ताकत से राष्ट्र विरोधी तत्वों को परेशानी हो रही है। राजनाथ सिंह ने वामपंथी उग्रवाद (नक्सल) को एक बढ़ी चुनौती बताते हुए कहा कि 10 राज्यों के लगभग 125 जिले इससे प्रभावित हैं। उन्होंने साइबर अपराध को भी एक बड़ी चुनौती बताया और कहा कि उससे निपटने की तैयारी लगातार चल रही है।
