लखनऊ में मंदिर तैयार, आज से होगा मां भगवती का गुणगान
घरों में पुरोहितों जहां कलश स्थापना कराएंगे वहीं मंदिरों में विशेष पूजन का इंतजाम किया गया है।
लखनऊ (जागरण संवाददाता)। विकास की चकाचौंध के बीच बुधवार से दुर्गा मंदिरों में मां का गुणगान शुरू हो जाएगा। इसे लेकर बाजार जहां गुलजार रहे, वहीं दूसरी ओर मंदिरों में तैयारियां पूरी हो गईं। बिजली की झालरों से सजे मंदिरों की आभा देखते ही बन रही थी।
दर्शन में कोई परेशानी न हो इसके लिए मंदिरों में खास इंतजाम किए गए हैं। सजे दरबार में कलश स्थापना के संग मां के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री और द्वितीय स्वरूप ब्रह्मचारिणी की पूजा होगी। विकास की जननी कही जाने वाली देवी मां के प्रति श्रद्धा का भाव हमारी भारतीय परंपरा और संस्कृति को भी दिखाने का काम करेगी। इसके लिए मंदिरों को खास तरीके से सजाया गया है। घरों में पुरोहितों जहां कलश स्थापना कराएंगे वहीं मंदिरों में विशेष पूजन का इंतजाम किया गया है। कैसरबाग के घसियारी मंडी स्थित कालीबाड़ी मंदिर में महिषासुरमर्दिनी का पाठ होगा।
संदोहन माता मंदिर, संकटा देवी मंदिर, त्रिवेणीनगर योगी नगर दुर्गा मंदिर, मदेयगंज दुर्गा मंदिर, चिनहट के मां जानकी मंदिर, कैसरबाग दुर्गा मंदिर, हाथी बाबा वाले मंदिर के अलावा कृष्णानगर के इंद्रेश्वर मंदिर, सैसोवीर मंदिर, तुलसी मानस मंदिर, आलमबाग के दुर्गा मंदिर, मौनी बाबा मंदिर समेत डालीगंज, अलीगंज, महानगर, इंदिरानगर, गोमतीनगर सहित राजधानी के सभी मंदिरों में मां के पूजन की तैयारियां हो गई हैं। बख्शी का तालाब स्थित नंदन वन के इक्वान शक्तिपीठ तीर्थ में मां का दरबार हर दिन उनके स्वरूप के अनुसार सजाया जाएगा। मंदिर की अध्यक्ष रघुराज दीक्षित ने बताया कि सप्तशती के पाठ के साथ कलश स्थापना होगी।
यह भी पढ़ें: सीएम आदित्यनाथ योगी ने दी लोगों को चैत्र नवरात्र की बधाई
दुर्गा मंदिरों के आसपास नई दुकानों के लगने के साथ ही चौक में छोटी व बड़ी काली जी मंदिर के पास मेले को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं। मां के जयकारों की गूंज एक दिन पहले से ही सुनाई पड़ने लगी है। चुनरी व खिलौनों की दुकानों के साथ ही बच्चों के लिए झूले भी लग गए हैं। संदोहनी देवी में भी तैयारियां पूरी हो गई हैं। हर दिन मां का विशेष दरबार सजाया जाएगा।