यूपी में मिशन 2022 पर कांग्रेस, प्रदेश कार्यसमिति को प्रियंका वाड्रा ने पढ़ाया संगठन सृजन का पाठ
कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को वर्चुअल पाठ पढ़ाते हुए प्रियंका वाड्रा ने गांव-गांव तक संगठन खड़ा करने की रूपरेखा समझाई। तय हुआ है कि हर जिले में एक पदाधिकारी बीस दिन का लगातार प्रवास करेगा और प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम 11 कार्यकर्ताओं की समिति बनवाएगा।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश में मिशन 2022 यानी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपनी जमीन मजबूत करने का खाका तैयार कर लिया है। प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को वर्चुअल पाठ पढ़ाते हुए राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा ने गांव-गांव तक संगठन खड़ा करने की रूपरेखा समझाई। तय हुआ है कि हर जिले में एक पदाधिकारी बीस दिन का लगातार प्रवास करेगा और प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम 11 कार्यकर्ताओं की समिति बनवाएगा।
कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार को प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक हुई, जिसमें प्रियंका वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से शामिल हुईं। उन्होंने प्रदेश में चल रहे संगठन सृजन अभियान की समीक्षा की। पूछा कि क्या प्रत्येक ग्राम पंचायत में कमेटी बन गई है? इस पर पदाधिकारियों ने पहले तो दावा किया कि हां, सभी कमेटियां बन गईं। फिर कुछेक पदाधिकारियों ने कह दिया कि कुछ ग्राम पंचायतों में कमेटी सदस्यों के मोबाइल नंबर नहीं ले पाए हैं। अंतत: निष्कर्ष निकला कि लगभग 35 फीसद ग्राम पंचायतों में संगठन बनाना अभी बचा है। इस पर प्रियंका ने नए सिरे से मेहनत करने का निर्देश दिया।
ग्राम पंचायत स्तर पर 11 सदस्यों की समिति : उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा ने कहा कि हर जिले में एक पदाधिकारी को प्रभारी बनाकर भेजा जाएगा। तीन जनवरी से लगातार बीस दिन तक वह प्रभारी उस जिले में रहेंगे। न्याय पंचायत स्तर पर 55 सदस्यीय समिति और ग्राम पंचायत स्तर पर 11 सदस्यों की समिति बनवाएंगे। सभी के नाम, पते और मोबाइल नंबर होने चाहिए। कुछ पूर्व विधायक भी जिला प्रभारी बनाए जाएंगे। यह बैठक करीब तीन घंटे चली। इसमें राष्ट्रीय सचिव जुबैर खान, धीरज गुर्जर, सचिन नाईक व बाजीराव खाड़े तथा प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू सहित सभी प्रदेश पदाधिकारी शामिल हुए।
हर विधानसभा में तीन दिन निकलेगी प्रभातफेरी : प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के सभी जिला और शहर अध्यक्षों की बैठक को प्रियंका ने संबोधित किया। निर्देश दिया कि स्थापना दिवस 28 दिसंबर को है, लेकिन इस बार समारोह तीन दिन तक मनाया जाएगा। हर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के झंडारोहण के साथ प्रभातफेरी निकाली जाएगी। कांग्रेस संदेश पदयात्रा के नाम से हर दिन कम से कम पांच किलोमीटर चलना होगा। प्रभारी ने स्पष्ट कहा है कि यात्रा के समय के ही रियल टाइम सेल्फी-फोटो प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजने होंगे। इससे कांग्रेस प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में दस्तक देती नजर आएगी। पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक, 28 दिसंबर को प्रियंका का लखनऊ आना फिलहाल टल गया है।