संगीत सोम का मीट फैक्ट्री में हाथ शर्मनाक : प्राची
मेरठ के सरधना से भाजपा विधायक संगीत सोम का अलीगढ़ की एक मीट फैक्ट्री की स्थापना में नाम आने के खुलासे से हिंदूवादी नेता हमलावर हो गए हैं। आज साध्वी प्राची ने पत्रकारों से कहा कि संगीत सोम का मीट फैक्ट्री लगवाना बेहद शर्मनाक है।
लखनऊ। मेरठ के सरधना से भाजपा विधायक संगीत सोम का अलीगढ़ की एक मीट फैक्ट्री की स्थापना में नाम आने के खुलासे से हिंदूवादी नेता हमलावर हो गए हैं। आज साध्वी प्राची ने पत्रकारों से कहा कि संगीत सोम का मीट फैक्ट्री लगवाना बेहद शर्मनाक है। वे अलीगढ़ एसवी कॉलेज में आजाद हिंद सोशल एलिवेशन सोसायटी (अहसास) की ओर से 'धर्म निरपेक्षता एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के परिप्रेक्ष्य में राष्ट्रीय अखंडता को बुद्धिजीवियों की चुनौती ' विषय पर गोष्ठी में बतौर मुख्य वक्ता थीं। साध्वी ने गोष्ठी में तो गोहत्या पर केंद्रित बात ही रखी, लेकिन तेवर हमेशा की तरह बेहद तल्ख रहे। कहा कि देश में गोमांस की पार्टियां दी जा रही हैं। मैं समझती हूं कि जो गोमांस खा सकता है, वो अपनी मां को भी खा सकता है। ऐसे लोगों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साध्वी ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी का नाम लिए बगैर उस पर भी निशाना साधा। कहा कि मुस्लिम विश्वविद्यालय के एक छात्र ने फेसबुक पर मेरे खिलाफ अभद्र टिप्पणी की है। ऐसे विश्वविद्यालय छोटी मानसिकता वाले विद्यार्थी ही पैदा कर सकते हैं। वहां से भगत सिंह नहीं पैदा हो सकते।साध्वी ने कहा कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। पर वे इनसे भयभीत नहीं हैं। देश के प्रति मरना भी मंजूर है।