अमेठी में पूजा कर लौट रहे वृद्ध की पीट पीटकर हत्या, गांव में मचा कोहराम
अमेठी में रंजिश में दिन दहाड़े वृद्ध की हत्या दो दिन पहले हुई चोरी की घटना बनी तत्कालिक वजह।
अमेठी, जेएनएन। देवी मंदिर से पूजा कर वापस लौट रहे वृद्ध की दिन दहाड़े पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। घटना से गांव में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस के दूसरे अधिकारी भी गांव पहुंच जांच में जुटे हुए हैं। वारदात की तत्कालिक वजह दो दिन पहले हुई चोरी की घटना बताई जा रही है।
लॉकडाउन के दौरान जिले के मुंशीगंज थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव में शनिवार सुबह नौ बजे के करीब 65 वर्षीय अवधेश सिंह गांव के मंदिर से पूजा कर वापस लौट रहे थे। तभी उन पर विरोधियों ने हमला बोल दिया। लाड़ी-डंडा व रॉड से पीट-पीट कर बुरी तरह घायल कर दिया। चीख पुकार मचने पर पहुंची भीड़ के बीच-बचाव के बाद घायल को संयुक्त जिला अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के दौरान अधेड़ की मौत हो गई। बताते हैं कि गांव के कृष्णपाल सिंह अरसे से विवाद चल रहा था।
परिजनों की माने तो बीते 29 अप्रैल को विरोधियों ने घर से दो समरसेबल चोरी कर लिया था। इसकी शिकायत करने अवधेश पुलिस के पास गए थे। इसी बात से खुन्नस खाए विरोधियों ने अवधेश पर हमला बोला और इस कदर पीटा की उनकी मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक डा. ख्याति गर्ग ने बताया घटना पुराने विवाद के चलते हुई है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।