मेरठ में सरेराह महिला को गोलियों से भूना, बरेली में महिला वकील को काट डाला
पश्चिम उत्तर प्रदेश में आज महिलाओं के प्रति हिंसा का नया तांडव देखने को मिला। मेरठ और बरेली में महिलाओं को मौत के घाट उतार दिया गया।
लखनऊ (जेएनएन)। पश्चिम उत्तर प्रदेश में आज महिलाओं के प्रति हिंसा का नया तांडव देखने को मिला। मेरठ और बरेली में महिलाओं को मौत के घाट उतार दिया गया। बरेली में अमरोहा की रहने वाली एक महिला अधिवक्ता की गला काटकर निर्मम हत्या की गई जबकि मेरठ में सरेराह स्कूटी से जा रही महिला को ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर मौत के घाट उतारा गया। आला अधिकारियों ने दोनों ही स्थानों पर मौका मुआयना किया और आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
मेरठ में स्कूटी से जा रही महिला का कत्ल
मेरठ के ब्रह्मपुरी क्षेत्र में स्कूटी पर जा रही महिला की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। हत्या में शारिक गैंग के शूटर का हाथ बताया है। उसने बताया कि कुछ दिन पहले आरोपित ने हत्या की धमकी दी थी। पुलिस ने एक को नामजद कर अज्ञात शूटर्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। ब्रह्मïपुरी क्षेत्र के माधवपुरम सेक्टर-तीन निवासी नसरीन (42) आठ साल से पति से अलग अपनी बेटी शहरीन (18), बेटे मोहम्मद (12) और सुफियान (10) के साथ रहती थी। पुलिस के मुताबिक नसरीन ने आपत्तिजनक गतिविधियां शुरू कर दी थीं, जिसके चलते उसके घर आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का आना जाना था। बताया जा रहा है कि कुख्यात सलमान उसकी बेटी शहरीन से निकाह करना चाहता था। सलमान ने शहरीन को स्कूटी भी दिलवा रखी है। सलमान के धुरविरोधी शारिक गैंग के गुर्गे भी नसरीन के संपर्क में थे। उन्हें शहरीन और सलमान की नजदीकियों से एतराज था। रविवार को नसरीन बेटी के साथ समर कॉलोनी डी-ब्लॉक निवासी सहेली के पास गई थी। दोपहर करीब एक बजे घर आते समय बाइक सवार शूटर्स ने नसरीन की गोली मारकर हत्या कर दी। एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया कि हत्या का मुख्य आरोपित शुएब बिलोरी छात्र नेता शैरी की हत्या में शामिल रह चुका है।
बरेली में महिला अधिवक्ता का गला काट डाला
बरेली सिविल लाइंस इलाके में एक महिला अधिवक्ता की गला काटकर हत्या कर दी गई। हत्यारों ने सिर को धड़ से बिल्कुल अलग कर दिया। घटनाक्रम के मुताबिक अमरोहा की रहने वाली सीमा शर्मा (57) आबकारी विभाग के सामने संकरी गली में राजेंद्र कपूर के मकान में किराये पर रहती थीं। राजेंद्र कपूर से मकान को लेकर विवाद कोर्ट में चल रहा है। पति रमेंद्र शर्मा से भी तलाक व हर्जे-खर्चे को लेकर मुकदमा कोर्ट में चल रहा है। रमेंद्र शर्मा पुलिस विभाग में इंस्पेक्टर की पोस्ट से रिटायर्ड हुए हैं। पति व बेटे का सीमा से 15-20 सालों से कोई संबंध नहीं था। शुक्रवार रात से सीमा का फोन नहीं उठ रहा था। जिस पर उनके भाई राजीव कौशिक रविवार की यहां आए। मकान पर ताला पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मकान का ताला खोला तो अंदर सीमा की लाश मिली। उनका सिर धड़ से अलग कुछ दूरी पर पड़ा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की वजह क्या है।