मुलायम की समधन अम्बी विष्ट ने सूचना अायुक्त पति से की एलडीए तहसीलदार की शिकायत
पति सूचना आयुक्त अरविंद सिंह बिष्ट ने कमिश्नर लखनऊ को तहसीलदार रामशकर पर कार्रवाई करने का दिया आदेश।
लखनऊ [ऋषि मिश्र ]। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की समधन अम्बी बिष्ट ने अपने पति सूचना आयुक्त अरविंद सिंह बिष्ट की ही अदालत में गुहार लगाई कि एलडीए के तहसीलदार ने उनको आरटीआइ के तहत जानकारी देने में जानबूझकर उनके पति का नाम गलत लिखा है। ये तब किया गया जबकि उन्होंने आरटीआइ आवेदन करते समय अपने नाम के आगे पति का नाम लिखा ही नहीं था। उनके पति का नाम अरविंद सिंह बिष्ट की जगह अरविंद कुमार बिष्ट लिख दिया गया है।
इस पर सूचना आयुक्त अरविंद सिंह बिष्ट ने कमिश्नर लखनऊ को आदेश दिया है कि तहसीलदार रामशंकर पर कार्रवाई कर के उन्हें सूचित करें। अम्बी बिष्ट ने मार्च माह में एलडीए से आरटीआइ एक्ट के तहत एक सूचना मागी थी। जिसमें उन्होंने एलडीए में आवंटन संबधित कोई नीति होने और उसके बोर्ड या शासन से अनुमोदित होने की जानकारी चाही थी।
जिसका जवाब एलडीए की ओर से तहसीलदार रामशकर ने दिया था। जिसमें उन्होंने बताया कि ऐसी कोई नीति अनुमोदित नहीं है। लिखित जवाब में उन्होंने अम्बी बिष्ट के नाम के आगे उनके पति का नाम अरविंद कुमार बिष्ट लिख दिया। जिस पर अम्बी बिष्ट ने सूचना आयोग में अपने ही पति की कोर्ट में शिकायत की। शिकायत में उन्होंने कहा है कि उन्होंने अपने आवेदन में पति का नाम नहीं लिखा था।
इसके बावजूद उनके पति के नाम का उल्लेख किया गया। यही नहीं नाम भी गलत लिखा गया है। ये उनके सम्मान के विरुद्ध है। जिस पर तीन अगस्त को अरविंद कुमार बिष्ट ने मंडलायुक्त अनिल कुमार गर्ग को आदेश दिया है कि वे सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली के तहत तहसीलदार रामशंकर के खिलाफ कार्रवाई कर के उनको सूचित करें।
क्या कहते हैं लविप्रा उपाध्यक्ष ? लविप्रा उपाध्यक्ष प्रभु एन सिंह के मुताबिक, ये प्रकरण मेरे संज्ञान में है। तहसीलदार रामशकर ने ये मान लिया है कि उनसे भूलवश नाम गलत लिख गया था। जिसके लिए वे क्षमा प्रार्थी हैं।