सेना का सम्मान न करने वाले पराक्रम पर उठा रहे सवाल : सांसद मनोज तिवारी
ब्राह्मण युवजन सभा की ओर से आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन में पहुंचे दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी। कहा-भ्रष्टाचार छिपाने के लिए किया जा रहा महामिलावटी गठबंधन।
लखनऊ, जेएनएन। सेना का सम्मान न करने वाले आज वीर जवानों के पराक्रम पर सवाल उठा रहे हैं। ऐसे लोगों ने महामिलावटी गठबंधन बना लिया है मगर जनता हकीकत जानती है। भाजपा को कोई रोक नहीं पाएगा।
दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी ने ये बातें बुधवार को अटल बिहारी वाजपेयी कन्वेंशन सेंटर में बुधवार को कहीं। यहां ब्राह्मण युवजन सभा की ओर से प्रबुद्ध सम्मेलन का आयोजन किया गया था।
कार्यक्रम में मनोज तिवारी ने कहा कि हमारा गठबंधन आम जनता से है। महमिलावटी गठबंधन को जनता नकार देगी। गठबंधन भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए किया गया है। मनोज तिवारी ने कहा कि नरेंद्र मोदी के पीएम बनने से सबका कल्याण हुआ है। हर मोर्चे पर नरेंद्र मोदी कामयाब हैं। एयर स्ट्राइक पर उठाए जा रहे सवालों को लेकर उन्होंने कहा कि जो सेना को आज तक सम्मान नहीं दे सके, वे सेना पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की हर बात का जवाब देना आवश्यक नहीं है।
कुछ नेताओं का काम केवल साजिश रचना था। मेरी पीएम नरेंद्र मोदी से पहली मुलाकात सूरत में हुई थी। उनसे जो स्नेह मिला, वह कभी भी कलाकार के नाते मुझे रायबरेली और अमेठी के नेताओं से नहीं मिला। ब्राह्मण ज्ञान देने का काम करता है। रक्षा करता है। आज ब्राह्मणों पर बड़ी जिम्मेदारी है। आज देश का पीएम अन्याय के खिलाफ खड़ा है। सरकार की सभी योजनाएं सभी के लिए हैं। एससी-एसटी एक्ट में जब बदलाव किया गया तब उसमें भी कुचक्र रचा गया।
परशुराम जयंती पर जब तक अवकाश नहीं, तब तक नहीं करेंगे शादी
कार्यक्रम में राष्ट्रीय ब्राह्मण युवजन सभा के अध्यक्ष आशुतोष पांडेय ने घोषणा की कि जब तक परशुराम जयंती पर अवकाश नहीं घोषित किया जाएगा, वे विवाह नहीं करेंगे। कार्यक्रम के संयोजक जयेश प्रसाद ने कहा कि ब्राह्मणों के लिए आवश्यक है कि वे पीएम मोदी को आगे बढ़ाएं। देश के प्रत्येक वर्ग का कल्याण इसी में है।