Move to Jagran APP

Interview: एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने योगी आदित्यनाथ को बताया देश के सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री, कहा- वह निष्काम कर्मयोगी

UP Vidhan Sabha Election 2022 एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैंने बलिया मऊ और कुशीनगर में सभाएं की हैं। मेरे हिसाब से जबरदस्त अंडर करंट है। जनता भाजपा को बंपर बहुमत देगी हम पिछला रिकार्ड भी तोड़ेंगे। दूसरे जो दिख रहे हैं वह सब ऊपर-ऊपर हैं।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Tue, 01 Mar 2022 12:06 PM (IST)Updated: Tue, 01 Mar 2022 12:08 PM (IST)
Interview: एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने योगी आदित्यनाथ को बताया देश के सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री, कहा- वह निष्काम कर्मयोगी
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विशेष बातचीत।

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देश का सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री बताते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को उत्तर प्रदेश में भाजपा का अंडरकरंट नजर आ रहा है। उनका मानना है कि न केवल पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी, बल्कि पिछला रिकार्ड भी टूटेगा। वह बताते हैं कि मोदी व योगी की डबल इंजन सरकार ने यूपी को देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाया है। सुधरी कानून व्यवस्था, आवास, पेंशन और राशन जैसी योजनाएं इस चुनाव में निर्णायक साबित होने जा रही हैं। यूपी में रविवार को तीन चुनावी रैलियों को संबोधित करने के बाद भोपाल लौटने से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से दैनिक जागरण, गोरखपुर के संपादकीय प्रभारी मदनमोहन सिंह की एयरपोर्ट पर हुई विशेष बातचीत के प्रमुख अंश-

loksabha election banner

प्रश्न- गोरखनाथ मंदिर से आपका पुराना लगाव बताया जाता है।

उत्तर- जब महंत अवेद्यनाथ जी थे, तब उनके साथ मैं सांसद था। उनका आशीर्वाद मिलता रहा। तब से मैं गोरखपुर परिवार के साथ आता रहा हूं। योगी जी के साथ भी संसद में रहा। अध्यात्म के साथ श्रद्धा के भी संबंध हैं। गोरखपुर तो है ही अध्यात्म और श्रद्धा की धरती। जहां तक चुनाव में आने की बात है तो हम सब भाजपा के कार्यकर्ता हैं। जहां ड्यूटी लगाई जाती है वहां जुट जाते हैं।

प्रश्न- यूपी में क्या लग रहा है, कितनी सीटें आएंगी?

उत्तर- मैंने आज ही बलिया, मऊ और कुशीनगर में सभाएं की हैं। मेरे हिसाब से जबरदस्त अंडर करंट है। जनता भाजपा को बंपर बहुमत देगी, हम पिछला रिकार्ड भी तोड़ेंगे। दूसरे जो दिख रहे हैं वह सब ऊपर-ऊपर हैं। यूपी में पूर्ण बहुमत वाली भाजपा सरकार बन रही है।

प्रश्न- माफिया मुख्तार अंसारी के गढ़ मऊ में क्या लगा?

उत्तर- जनता का खून पीने वाले जो माफिया नेस्तनाबूद और जमींदोज हुए उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई का असर नजर आ रहा है। हर जगह मकान, राशन, रसोई गैस, किसान सम्मान निधि, विकास और सुधरी कानून व्यवस्था का व्यापक असर है। मोदी के नेतृत्व में देश नई ऊंचाइयों पर पहुंचा है। यूक्रेन में फंसे लोगों को जिस तरह बाहर निकालकर लाया जा रहा है, मोदी के सिवाय कोई और होता तो इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती थी।

प्रश्न- आपकी नजर में ऐसे तीन कौन से फैक्टर हैं, जो योगी को सत्ता में ला सकते हैं।

उत्तर- कानून व्यवस्था, गरीब कल्याण और विकास। अलग-अलग लोगों और परिस्थितियों के हिसाब से प्राथमिकताएं भिन्न हो सकती हैं, लेकिन मेरी नजर में कानून व्यवस्था ऐसा मसला है, जिसमें सर्वाधिक बदलाव नजर आ रहा है। भाजपा इसी मुद्दे पर दोबारा सरकार बनाने जा रही है।

प्रश्न- ऐसा नहीं लगता कि इस बार चुनाव में भाषा की मर्यादा कुछ गिरी है?

उत्तर- यह काम विपक्षियों ने शुरू किया। जिस ढंग से प्रधानमंत्री मोदी और योगी जी पर अटैक किए गए, उसके कारण भाषा की मर्यादा बिगड़ी है। इसे तोडऩे का काम सपा ने किया और वही इसके लिए पूर्ण रूप से जिम्मेदार है।

प्रश्न- उत्तर प्रदेश की कौन सी ऐसी योजना है, जो आपको प्रभावित करती है?

उत्तर- योगी जी द्वारा किसानों के लिए किए गए कई अभिनव पहल से हम प्रेरणा लेते हैं। यूपी में जिस ढंग से आध्यात्मिक विकास हो रहा है, अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर, काशी में बाबा विश्वनाथ कारीडोर के निर्माण से जो सांस्कृतिक अभ्युदय हुआ है, वह सचमुच में अद्भुत है। गुड गवर्नेंस में भी यूपी उदाहरण बना है। दोनों राज्यों में कुछ न कुछ ऐसा है, जिसे अपनाया जा सकता है।

प्रश्न- अनुच्छेद 370 खत्म हुआ, राम मंदिर निर्माण शुरू हुआ, यह चुनाव में गूंज नहीं रहा है?

उत्तर- देखिए हम चुनाव लड़ते हैं विकास के नाम पर। भाजपा के लिए यह मुद्दा श्रद्धा और आस्था का है न कि चुनाव या वोट का। विकास, जनता का कल्याण और सुशासन हमारे लिए चुनावी मुद्दा है। इसीलिए हम चुनाव में गरीब कल्याण योजना, हर घर में पानी पहुंचाने की बात कर रहे हैं। किसान सम्मान निधि की बात कर रहे हैं, जनता की जिंदगी बदलने के जो काम हुए हैं, उनकी बात कर रहे हैं। हाईवे, एयरपोर्ट और निवेश की बात कर रहे हैं, जो यूपी को आगे ले जा रहे हैं।

प्रश्न- व्यक्तित्व के मामले में योगी आदित्यनाथ की तुलना में अखिलेश यादव को कहां पाते हैं।

उत्तर- योगी जी निष्काम कर्मयोगी हैं। उत्तर प्रदेश की 24 करोड़ जनता उनका परिवार है। खुद का कुछ नहीं है। सर्वस्व त्यागी हैं। उप्र का हित और राष्ट्र का कल्याण उनकी जिंदगी का एकमात्र उद्देश्य है। दूसरी तरफ अखिलेश हैं जो घोर जातिवादी, परिवारवादी, माफिया के साथी, उप्र को तबाह करने वाले हैं। इन दोनों में कोई तालमेल है क्या? किसी ने समाजवादी का अर्थ बता दिया कि स से साम्प्रदायिकता, म से माफियाराज, ज से जातिवाद इसमें सपा जोड़ दो तो सम्पत्ति और परिवारवाद इसके अलावा क्या है। जिसके राज में 700 दंगे हुए, उसके बारे में क्या कहना। योगी राज में माफिया प्रदेश छोड़कर चले गए या जेलों में हैं। अखिलेश के राज में अपराधी खिललिखाते थे तो योगी राज में बिलबिला रहे है। यही व्यक्तित्व का अंतर है।

प्रश्न- देश में सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री कौन है?

उत्तर- योगी जी। वैसे यह दूसरे लोगों के विश्लेषण करने का विषय है। (हंसते हुए) यह सवाल तीसरे व्यक्ति से पूछना चाहिए है, फिर भी योगी जी सबसे लोकप्रिय हैं। मैं यूपी की जनता से प्रार्थना करूंगा कि मोदी-योगी के नेतृत्व में एक वैभवशाली और गौरवशाली भारत का निर्माण हो रहा है। यूपी सातवें से दूसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बन चुका है। यह स्वर्णिम काल है, इसे समृद्ध करने में सभी को योगदान देना चाहिए। इसमें नहीं चूकना चाहिए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.