लखनऊ में झमाझम बारिश के साथ आज दस्तक देगा मानसून Lucknow news
सुलतानपुर तक पहुंच गया है मानसून गर्मी से मिलेगी राहत।
लखनऊ, जेएनएन। मानसून का इंतजार खत्म होने वाला है। सुलतानपुर और खीरी तक पहुंच चुका मानसून राजधानी में मंगलवार शाम तक दस्तक दे सकता है। वाराणसी, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, बलिया, देवरिया समेत कई जिलों में मानसून पहले ही पहुंच चुका है। बंगाल की खाड़ी से उठने वाला मानसून अवध के अधिकतर हिस्सों को कवर कर चुका है। उम्मीद है कि मंगलवार शाम तक जोरदार बारिश के साथ मानसून लखनऊ में अपनी आमद दर्ज करा देगा। इससे गर्मी से परेशान शहर के लोगों को राहत मिल सकेगी।
मानसून नहीं करेगा निराश
आंचलिक मौसम केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता के अनुसार इस बार मानसून में 94 प्रतिशत तक बारिश होने के आसार हैं। पिछले साल भी 95 प्रतिशत तक बारिश हुई थी। लखनऊ में औसतन 835 एमएल बारिश हर साल होती है। इस बार भी यह आंकड़ा बरकरार रहने की संभावना है।
छह डिग्री उछाल के साथ 39 पर पहुंचा पारा
पिछले दिनों हुई बूंदाबांदी से उमस बढ़ गई है। सोमवार को भी बादलों की आवाजाही बनी रही। कभी धूप तो कभी उमस ने लोगों को परेशान किया। दिन का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से एक डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। अधिकतम आद्र्रता 83 प्रतिशत रही। इससे पहले रविवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस तरह पिछले चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान में लगभग छह डिग्री की उछाल दर्ज की गई।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप