किशोरी को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म, विरोध पर ईंट से कूंचा मुंह
परिवारीजनों को ट्रामा में मिली किशोरी, बहन का हाल देख उड़े भाई के होश। मुख्य आरोपित हिरासत में, अन्य की तलाश जारी।
लखनऊ(जागरण संवाददाता)। मड़ियाव क्षेत्र में हुई वारदात में तीन युवकों ने 15 वर्षीय किशोरी को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध पर दरिंदों ने ईंट से उसका मुंह कूंच दिया। मंगलवार शाम से लापता किशोरी की खोजबीन कर रहे परिवारीजनों को वह बुधवार शाम ट्रामा सेंटर में भर्ती मिली। किशोरी ने तीन युवकों पर गैंगरेप का आरोप लगाया है। मुख्य आरोपित बउवा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।
इंस्पेक्टर तेज प्रताप सिंह के मुताबिक, पीड़ित किशोरी मूलरूप से मलिहाबाद क्षेत्र की रहने वाली है। वह अनुसूचित जाति की है। उसके पिता की कुछ साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद से वह अपनी मा और भाइयों के साथ मड़ियाव क्षेत्र में एक किराए के मकान में रह रही थी। मंगलवार शाम किशोरी घर के बाहर स्थित दुकान से कुछ सामान लेने के लिए निकली थी। उसके बाद से लापता थी। किशोरी के घर न लौटने पर परिवारीजन उसकी खोजबीन कर रहे थे, पर उसका कुछ पता नहीं चला। बुधवार शाम उन्हें मलिहाबाद क्षेत्र के एक गाव के प्रधान ने फोन कर सूचना दी कि किशोरी शायद ट्रामा सेंटर में भर्ती है। उसे देख लें। बहन का हाल देख उड़े भाई के होश:
सूचना पर किशोरी का भाई ट्रामा सेंटर पहुंचा और वहा किशोरी को खून से लथपथ हालत में देखकर होश उड़ गये। किशोरी ने उन्हें बताया कि गाव के रहने वाला बउवा यादव निवासी मान खेड़ा और उसके दो साथी उसे मिले। वह तीनों उसे उठाकर ले गए। तीनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध पर उन्होंने ईंट से मुंह पर कई वार किए। इसके बाद वह बेहोश हो गई। होश आया तो खुद को अस्पताल में भर्ती पाया।
मुख्य आरोपित हिरासत में, अन्य की जारी:
वहीं, चिकित्सकों का कहना है कि किशोरी को कुछ लोग मेडिकल कॉलेज के गेट पर छोड़कर भाग गए थे। गंभीर हालात देख उसे भर्ती कर लिया गया। होश में आने पर किशोरी से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह मलिहाबाद की रहने वाली है। इसकी सूचना मेडिकल कॉलेज चौकी इंचार्ज को दी गयी, जहा से मलिहाबाद थाने और वहा से ग्राम प्रधान को जानकारी मिली। ग्राम प्रधान के जरिए किशोरी के परिवारीजनों को सूचना दी गई। मड़ियाव इंस्पेक्टर ने बताया कि मुख्य आरोपित बउवा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है जबकि अन्य आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
मंगलवार शाम को घर के बाहर से उठा ले गए थे आरोपित:
किशोरी की मा का कहना है कि बेटी से मिली जानकारी पर वह बउवा के घर पहुंची और उसने विरोध किया, तो उसके परिवारीजन धमकाने लगे। विरोध पर उन्होंने गाली-गलौज कर पूरे परिवार को मारने की धमकी दी। इसके बाद परिवारीजन सासद कौशल किशोर के घर पहुंचे और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की माग की।