शोहदे ने की छेड़खानी, विरोध पर किशोरी के पिता को पीटा फिर फाड़े मां के कपड़े
माता-पिता के साथ खरीदारी करने निकली थी किशोरी शोहदे ने कसे गंदे कमेंट। छेड़खानी मारपीट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी में एक किशोरी से अभद्रता का मामला सामने आया है। घटना के समय किशोरी अपने माता-पिता के साथ खरीदारी करने जा रही थी। तभी शोहदे ने उसपर गंदे कमेंट किया। विरोध पर शोहदे ने किशोरी के माता-पिता की पिटाई कर दी और उसके मां के भी कपड़े तक फाड़ डाले। पीड़ित ने पारा थाने में छेड़खानी, मारपीट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
ये है पूरा मामला
मामला पारा के जेबी गार्डन पूर्वीदीन खेड़ा का है। यहां जेबी गार्डन में बीती शाम किशोरी साईकिल से और माता-पिता स्कूटी से बाजार खरीदारी करने के लिए जा रहे थे। रास्ते में शोहदा अभिषेक मौर्या साईकिल से जा रही किशोरी से अभद्रता करने लगा। किशोरी ने मामले की जानकारी अपने माता-पिता को दी। विरोध करने पर अभिषेक मौर्या ने अपने साथियों व परिवारीजनों के साथ मिलकर किशोरी के माता-पिता की पिटाई कर दी। बीच बचाव में किशोरी की मां के कपड़े भी फाड़ दिए। घटना को लेकर किशोरी के पिता ने शोहदे अभिषेक व अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।