मंत्री मोहसिन रजा भी निर्विरोध विधान परिषद सदस्य निर्वाचित
मोहसिन रजा योगी आदित्यनाथ सरकार में वक्फ, अल्पसंख्यक तथा हज राज्य मंत्री हैं। मोहसिन रजा ने बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल ठाकुर जयवीर सिंह की सीट पर अपना नामांकन भरा था।
लखनऊ (जेएनएन)। प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में राज्य मंत्री मोहसिन रजा को भी विधान परिषद सदस्य के रूप में निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। वह आज अपने परिवार के सदस्यों के साथ प्रमाण पत्र लेने पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही उप मुख्यमंत्री डॉ.दिनेश शर्मा व केशव प्रसाद मौर्य तथा परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी विधान परिषद सदस्य के रूप में पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। आज मोहसिन रजा को भी निर्वाचन का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। मोहसिन रजा ने आज अपनी पत्नी, मां तथा परिवार के अन्य लोगों के साथ जाकर टंडन हाल में प्रमाण पत्र लिया।
मोहसिन रजा योगी आदित्यनाथ सरकार में वक्फ, अल्पसंख्यक तथा हज राज्य मंत्री हैं। मोहसिन रजा ने बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल ठाकुर जयवीर सिंह की सीट पर अपना नामांकन भरा था। मोहसिन रजा का कार्यकाल 5 मई 2018 तक रहेगा। मोहसिन रजा ने 5 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा व परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के साथ नामांकन दाखिल किया था।
आज नामांकन वापस लेने का अंतिम दिन था। किसी और दल के नामांकन दाखिल न करने से उपचुनाव पीठासीन अधिकारी व विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप दुबे ने मोहसिन रजा को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया। मोहसिन रजा प्रदेश में विवाह पंजीकरण अनिवार्य बनाए जाने के यूपी सरकार के फैसले के बाद काफी चर्चा में रहे थे। पंजीकरण को अनिवार्य के बाद उठ रहे विरोध के सुरों के बीच वक्फ एवं हज मंत्री ने यूपी कैबिनेट के फैसले का स्वागत करते हुए पत्नी फौजिया सरवर फातिमा के साथ कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर शादी का रजिस्ट्रेशन कराया था।