पूर्व मंत्री मोहसिन रजा ने की वक्फ संपत्तियों में हुए घोटाले की SIT जांच की मांग, सीएम योगी को लिखा पत्र
पूर्व मंत्री मोहसिन रजा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र सौंपकर वक्फ संपत्तियों में हुए घोटाले की एसआईटी जांच की मांग की है।

पूर्व मंत्री मोहसिन रजा
HighLights
पूर्व मंत्री मोहसिन रजा ने वक्फ घोटाले की एसआईटी जांच मांगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र सौंपकर अनियमितताओं पर कार्रवाई की मांग की।
सपा, बसपा, कांग्रेस शासनकाल में लाखों वक्फ संपत्तियों का लेखा-जोखा अस्पष्ट।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। पूर्व मंत्री मोहसिन रजा ने वक्फ संपत्तियों में हुए घोटाले की जांच एसआईटी से कराने की मांग की है। इस संदर्भ में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर उन्हें पत्र दिया है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में केवल 1.27 लाख पंजीकृत वक्फ रह गए हैं, जबकि पहले यह संख्या दो लाख से अधिक थी। उन्होंने कहा है कि सपा, बसपा व कांग्रेस के शासनकाल में वक्फ बोर्ड का आडिट नहीं कराया गया और लाखों संपत्तियों का लेखा-जोखा अस्पष्ट रहा।
वर्तमान में लगभग सत्तर हजार से अधिक वक्फ संपत्तियों की जानकारी पंजीकरण व्यवस्था से मिटा दी गई हैं। उन्होंने यह भी लिखा है कि लखनऊ,गाजियाबाद, कानपुर, मेरठ, सहारनपुर, अयोध्या, बरेली, नोएडा, आगरा, प्रयागराज, अलीगढ़, वाराणसी, अमरोहा, बिजनौर, आजमगढ़ सहित अनेक जिलों में अवैध कब्जे और वक्फ संपत्तियों के व्यावसायिक उपयोग की शिकायतें मिली हैं।
इसलिए जिलावार एसआईटी गठित कर मामले की जांच कराई जाए और दोषी व्यक्तियों, संस्थानों, मुतवल्लियों, प्रभावशाली धर्मगुरुओं अथवा राजनीतिक संरक्षण प्राप्त समूहों की पारदर्शी जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।
यह भी पढ़ें- जौहर यूनिवर्सिटी पर भाजपा सरकार की कार्रवाई को लेकर अखिलेश यादव बोले- शिक्षा के मंदिर को बचाना होगा
