विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोहम्मद शमी के भाई पर दर्ज मुकदमा गाजियाबाद ट्रांसफर, पुलिस के बुलाने पर थाने नहीं आई महिला

Published: Tue, 15 Sep 2026 05:54 PM (IST)

भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई मो. कैफ के खिलाफ शादी का झांसा देकर यौन शोषण के मामले को आशियाना ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, लखनऊ। भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई मो. कैफ के खिलाफ शादी का झांसा देकर महिला का यौन शोषण करने के मामले में पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए मुकदमा गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने ट्रांसफर कर दिया है। आशियाना पुलिस की जांच में घटनास्थल इंदिरापुरम क्षेत्र पाया गया। इसके बाद घटनास्थल के आधार पर मुकदमा स्थानांतरित किया गया। अब गाजियाबाद पुलिस मामले की विवेचना करेगी।

इंस्पेक्टर आशियाना गजेंद्र राय ने बताया कि पीड़िता को दो दिन से बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया जा रहा था, लेकिन वह थाने नहीं आई। जांच में घटनास्थल इंदिरापुरम क्षेत्र में मिलने के बाद मुकदमा वहां स्थानांतरित कर दिया गया।

पुलिस उपायुक्त मध्य विक्रांत वीर के मुताबिक, पीड़िता की तहरीर में घटनास्थल स्पष्ट नहीं था। ऐसे में नोटिस जारी करने की तैयारी थी, लेकिन घटनास्थल गाजियाबाद के इंदिरापुरम का निकला है। ऐसे में मुकदमा वहां ट्रांसफर कर दिया गया।

बता दें कि आशियाना निवासी महिला ने 31 अगस्त को आरोप लगाया था कि वर्ष 2020 में एनसीआर में रहने के दौरान उसकी मुलाकात मो. कैफ से हुई थी। पति से तलाक के बाद वह बेटे के साथ रह रही थी।

महिला के मुताबिक, दोस्ती बढ़ने पर कैफ ने शादी का भरोसा दिया। आरोप है कि नौ सितंबर 2023 को कैफ के कहने पर वह कोलकाता गई, जहां होटल में शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया गया। महिला ने अन्य शहरों और होटलों में भी शोषण का आरोप लगाया है।

पीड़िता का आरोप है कि कैफ ने नौकरी छोड़ने का दबाव बनाया और दिसंबर 2025 में आइपीएल नीलामी के बाद शादी का भरोसा दिया, लेकिन वह अपनी बात से मुकर गए। विरोध करने पर कैफ के परिवार के लोगों ने धमकी दी।

महिला ने पहले आशियाना पुलिस पर मुकदमा दर्ज न करने का आरोप लगाया था। उच्चाधिकारियों से शिकायत के बाद रविवार देर रात आशियाना थाने में कैफ और उसके एक परिचित के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। अब मामला गाजियाबाद ट्रांसफर होने के बाद घटनास्थल, घटनाक्रम और साक्ष्यों की जांच वहीं होगी।