Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    MLA Pooja Pal : सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ करने पर समाजवादी पार्टी से बाहर की गईं विधायक पूजा पाल

    Updated: Thu, 14 Aug 2025 02:54 PM (IST)

    समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बागी विधायक पूजा पाल को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। यह जानकारी एक पत्र में दी गई। कौशांबी के चायल से विधायक पूजा पाल को संबोधित सपा चीफ के हस्ताक्षरित पत्र में लिखा गया है कि आपने पार्टी विरोधी गतिविधियों की हैं।

    Hero Image
    कौशांबी के चायल से विधायक पूजा पाल

    राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ : समाजवादी पार्टी ने विधायक मनोज कुमार पाण्डेय, राकेश सिंह और अभय सिंह के बाद पूजा पाल को भी पार्टी से बाहर कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बागी विधायक पूजा पाल को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। यह जानकारी एक पत्र में दी गई। विधायक पूजा पाल ने सदन में सीएम योगी आदित्यनाथ की न्यायप्रियता और प्रदेश का कानून व्यवस्था की प्रशंसा की थी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करना सपा विधायक पूजा पाल को भारी पड़ गया है। पूजा पाल ने बुधवार को विकसित उप्र के विजन 2047 पर चर्चा के दौरान कहा था कि आज पूरा प्रदेश मुख्यमंत्री की ओर भरोसे से देखता है।

    मेरे पति (पूर्व विधायक राजू पाल) के हत्यारे अतीक अहमद को मुख्यमंत्री ने मिट्टी में मिलाने का काम किया। मैंने तब आवाज उठाई जब मैंने देखा कि कोई भी अतीक अहमद जैसे अपराधियों के खिलाफ लड़ना नहीं चाहता। जब मैं इस लड़ाई से थकने लगी, तब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुझे न्याय दिलाया। पूजा के इस बयान के बाद गुरुवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया। पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में यह कार्रवाई की गई है। इससे पहले समाजवादी पार्टी ने विधायक राकेश प्रताप सिंह, मनोज कुमार पाण्डेय और अभय सिंह को भी पिछले दिनों बाहर कर दिया था।

    विधानमंडल के मानसून सत्र के दौरान विधान सभा में समाजवादी पार्टी (सपा) की विधायक पूजा पाल ने योगी आदित्यनाथ सरकार की कानून-व्यवस्था और जीरो टॉलरेंस नीति की प्रशंसा की थी। सपा विधायक पूजा पाल ने 'विजन डॉक्यूमेंट 2047' पर चर्चा के दौरान कहा था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके पति की हत्या के मामले में न्याय दिलाया और माफिया जैसे अपराधियों को सजा दी।

    पूजा पाल कौशांबी के चायल से विधायक 

    कौशांबी के चायल से विधायक पूजा पाल को संबोधित अखिलेश यादव का हस्ताक्षरित जारी बर्खास्ती के पत्र में लिखा गया है कि आपने पार्टी विरोधी गतिविधियों की हैं। आपको कई बार सचेत भी करने के उपरान्त भी उक्त गतिविधियों आपने बन्द नहीं कीं। जिसके कारण पार्टी को काफी नुकसान हुआ। आपके लगातार कार्य पार्टी विरोधी एवं गम्भीर अनुशासनहीनता है।

    पूजा पाल ने बीते वर्ष राज्यसभा चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ वोट दिया था और उनको बागी माना जा रहा था। समाजवादी पार्टी ने बागी रुख अपनाने वाली विधायक पूजा पाल को पार्टी से बाहर कर दिया है। विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की खुलकर तारीफ करने से पहले उनके खिलाफ राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग और भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने के आरोप में उनके खिलाफ पार्टी ने निर्णय लिया।

    समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष के पत्र में लिखा गया है कि अतः आपको समाजवादी पार्टी से तत्काल प्रभाव से निष्काषित किया जाता है। इसके साथ ही आपको समाजवादी पार्टी के सभी अन्य पदों से भी हटाया जाता है तथा अब आप समाजवादी पार्टी के किसी भी कार्यक्रम/मीटिंग आदि में भाग नहीं लेंगीं और न ही आपको इसके लिए आमंत्रित किया जायेगा।